Chhapra Ammonia Gas Leak: बिहार के सारण जिले के अंतर्गत आने वाले छपरा के हेमनगर इलाके से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां शुक्रवार सुबह एक कोल्ड स्टोरेज प्लांट में अचानक खतरनाक अमोनिया गैस का रिसाव (Ammonia Gas Leak) हो गया। जैसे ही गैस की तेज और तीखी गंध आसपास के रिहायशी इलाकों में फैली, स्थानीय लोगों में हड़कंप और दहशत का माहौल बन गया। एहतियात के तौर पर कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
बिहार के छपरा में हड़कंप: कोल्ड स्टोरेज प्लांट से लीक हुई अमोनिया गैस, इलाके में फैली दहशत, सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और फायर विभाग की टीमें तुरंत हरकत में आईं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों को देखते हुए मौके पर एम्बुलेंस भी तैनात की गई हैं, और एक व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की भी सूचना है।
पानी के छिड़काव से कम किया गया गैस का असर
घटनास्थल पर पहुंचे क्षेत्रीय अग्निशमन अधिकारी सूरज कुमार ने बताया कि जैसे ही उन्हें कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस रिसाव की जानकारी मिली, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर रवाना की गईं। उन्होंने कहा, 'फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और रिसाव बेहद मामूली रह गया है। एक्सपर्ट इंजीनियर को बुलाया गया है जो जल्द ही मौके पर पहुंचकर इस लीकेज को पूरी तरह से बंद कर देंगे।' रिसाव को कम करने और वायुमंडल से अमोनिया के असर को फिल्टर करने के लिए पानी की बौछारों का सहारा लिया गया।
मुख्य सप्लाई पाइपलाइन बंद; जांच के घेरे में कोल्ड स्टोरेज का लाइसेंस
मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए सारण के एसडीएम (SDM) नितेश कुमार ने कहा कि सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला निरीक्षण के लिए पहुंच गया था। सुरक्षा के लिहाज से सबसे पहले प्लांट की मुख्य सप्लाई पाइपलाइनों को ब्लॉक कर दिया गया है। एसडीएम नितेश कुमार ने कोल्ड स्टोरेज प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा, 'शुरुआती जांच में साफ दिख रहा है कि इस प्लांट में जरूरी सुरक्षा मानकों की भारी कमी थी। हम इस बात की गहन जांच करेंगे कि आखिर कृषि विभाग ने किन नियमों और आधार पर इस प्लांट को संचालन का लाइसेंस जारी किया था।'फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और तकनीकी टीम लीकेज को स्थायी रूप से ठीक करने में जुटी है।
