Delhi Mumbai Expressway Accident: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हादसों का दौर जारी है। भारत के सबसे लंबे और हाईटेक एक्सप्रेसवे पर इस तरह के हादसे चिंता का सबब बनते जा रहे हैं। अभी तो पूरे एक्सप्रेसवे को यातायात के लिए खोला ही नहीं गया। पूरी तरीके से एक्सप्रेसवे के खुलने पर क्या हालात होंगे? ऐसे ही एक्सीडेंट का एक वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है तेज रफ्तार कार में ड्राइवर को झपकी आ गई और गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क मार्ग के किनारे गुलाटी खाते पलट गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग बुरी तरह घायल हो गए।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर हादसा कैसे हुआ, इससे जुड़ा एक वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो किस क्षेत्र का है, यह अभी कंफर्म नहीं हुआ है। जानकारी के मुताबिक, इस लंबे एक्सप्रेसवे पर 6 लोग एक कार में सवार होकर कहीं जा रहे थे। इसी दौरान गाड़ी चला ड्राइवर को झपकी आ गई। झपकी आने पर गाड़ी बीच सड़क से धीरे-धीरे किनारे की ओर आती दिखाई दे रही है। देखते ही देखते गाड़ी खाईं किनारे आ गई और गुलाटी खाते हुए पलट गई। गाड़ी पलटने पर सभी बुरी तरह घायल हो गए। उनमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
इससे पहले भी राजस्थान के दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे 3 ट्रकों के आपस में भिड़ने से बड़ी दुर्घटना हुई थी। उस भयंकर हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई। इसी प्रकार एक अन्य हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हुई थी।
