Bhubaneswar News: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के नयापल्ली इलाके में सामने आए कथित रेप केस में शनिवार को पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मामले के आरोपी श्रीधर पांडा को चंदका इलाके में हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लगने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि, आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस और आरोपी के बीच फायरिंग हुई।
भुवनेश्वर रेप केस में बड़ी कार्रवाई (प्रतीकात्मक फोटो)
जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में लगी गोली
पुलिस ने आगे दावा करते हुए कहा कि आरोपी की ओर से फायरिंग किए जाने के बाद जवाबी कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस ने कथित तौर पर तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लगी। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल आरोपी श्रीधर पांडा को हिरासत में लिया और इलाज के लिए भुवनेश्वर के कैपिटल हॉस्पिटल ले जाया गया। फिलहाल आरोपी का इलाज चल रहा है।
चार पुलिस टीमों का किया गया था गठन
जानकारी के मुताबिक, इस मामले की जांच के लिए भुवनेश्वर DCP की निगरानी में चार पुलिस टीमों का गठन किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज, घटनाक्रम की टाइमलाइन, कथित 'बस' लिंक, वैज्ञानिक साक्ष्यों, सर्वाइवर के बयान और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी का विश्लेषण किया।
पूरे घटनाक्रम की जांच जारी
पुलिस जांच के मुताबिक, इसी जांच के आधार पर श्रीधर पांडा पर फोकस किया गया। शिकायत के अनुसार, कथित यौन हमला बुधवार रात को हुआ था। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी पर लगे आरोपों और पुलिस मुठभेड़ की परिस्थितियों को लेकर जांच के आगे बढ़ने के साथ और जानकारी सामने आने की उम्मीद है। वहीं चंदका इलाके में हुए इस पुलिस एनकाउंटर के बाद सनसनी भी फैल गई थी।
