Bhopal News: भोपाल के आईएसबीटी के पास सोमवार सुबह करीब 9 बजे एक नीली हैचबैक कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक ने भागने की कोशिश की और इस दौरान बाइक कार के बंपर में फंस गई, जिससे युवक करीब 20 मीटर तक घसीटते चले गए।
तेज रफ्तार कार ने मारी 2 युवकों को टक्कर
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, इस दुर्घटना में दोनों युवकों को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस के अनुसार, अभी तक किसी भी अस्पताल से घायलों की स्थिति की पुष्टि नहीं हो सकी है, क्योंकि अब तक कोई औपचारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि, पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और नंबर प्लेट के आधार पर चालक की पहचान और गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कानूनी कार्रवाई जारी
टीआई अवधेश सिंह तोमर ने बताया कि उन्हें हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां कार लावारिस हालत में मिली। चश्मदीदों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक मौके पर ही बेसुध हो गया। घटनास्थल पर खून के धब्बे और बाइक के टूटे हुए हिस्से फैले मिले। पुलिस ने आस-पास के अस्पतालों में घायलों की तलाश और चिकित्सकीय जांच शुरू कर दी है। जैसे ही अस्पताल से पीएमएलसी (प्राथमिक चिकित्सा रिपोर्ट) प्राप्त होगी, आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
