भोपाल

इंदौर में मिले कोविड के दो नए मामले, एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 12 हुई

इंदौर में सोमवार को भी दो मरीज कोविड पॉजिटिव मिले हैं। रविवार को इंदौर में कोविड के तीन नए मामले आए थे। फिलहाल एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। सभी मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है। जनवरी से लेकर अब तक इंदौर में कोविड-19 के कुल 25 मामले आ चुके हैं।

Image

इंदौर में मिले दो और कोरोना मरीज

Covid Cases: सोमवार को इंदौर में दो और शख्स कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जिसके बाद एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। जिला महामारी नियंत्रण अधिकारी डॉ. अंशुल मिश्रा ने बताया कि ताजा मामलों में दो पुरुषों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है और दोनों संक्रमितों में कोविड के गंभीर लक्षण नहीं हैं।

एक मरीज की है ट्रैवेल हिस्ट्री

इनमें से एक 21 वर्षीय युवक इंदौर के पड़ोसी शहर देवास का रहने वाला है और उसकी ट्रैवेल हिस्ट्री भी है। वह 27 मई को दिल्ली से देवास लौटा था। मिश्रा ने बताया, "युवक की बहन ने भी उसके साथ दिल्ली की यात्रा की थी। वह पहले ही कोरोना वायरस से संक्रमित पाई जा चुकी है।"

होम आइसोलेशन में हो रहा इलाज

जिला महामारी नियंत्रण अधिकारी ने बताया कि एक अन्य मामले में इंदौर का निवासी 35 वर्षीय पुरुष भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया, हालांकि उसका कहना है कि उसने हाल के दिनों में शहर से बाहर यात्रा नहीं की है। अधिकारी ने बताया, "फिलहाल जिले में कोरोना वायरस के कुल 12 मरीज हैं। इन सभी मरीजों को उनके घर में आइसोलेशन में रखकर इलाज किया जा रहा है।"

अबतक आ चुके 25 मामले

इससे पहले रविवार को भी कोरोना के तीन नए मरीज सामने आए थे। इनमें एक मरीज इंदौर और एक देवास का निवासी है। मिश्रा ने बताया कि जिले में जनवरी से लेकर अब तक कोविड-19 के कुल 25 मरीज मिले हैं जिनमें से एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि यह मृतक किडनी से जुड़ी गंभीर समस्या से जूझ रहा था।

(इनपुट-भाषा)

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article