मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बैरसिया थाना क्षेत्र के भौजापुरा घाटी में एक शातिर बदमाश ने लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। यहां बदमाश ने शराब की दुकान में कलेक्शन मैनेजर के पद पर कार्यरत व्यक्ति के चार लाख रुपये की लूट की। बताया जा रहा है कि इस घटना को सोमवार देर रात करीब 11 बजे अंजाम किया गया है।
भोपाल में कलेक्शन मैनेजर के साथ 4 लाख की लूट
कलेक्शन मैनेजर से चार लाख की लूट
कलेक्शन मैनेजर का नाम देवेंद्र है। उन्होंने इस मामले को लेकर बताया कि सड़क पर रखे पत्थरों को देखकर उन्होंने अपनी कार रोकी थी। तभी अचानक बदमाशों ने उन पर मिर्च का पाउडर फेंका और बैग लेकर वहां से फरार हो गए। इस घटना के बाद देवेंद्र ने सबसे पहले इसकी जानकारी दुकान के संचालक को दी और फिर पुलिस को सूचित किया।
नाकाबंदी कर पुलिस ने संदिग्धों को लिया हिरासत में
पुलिस ने पूरे इलाके में नाकाबंदी कर दी और मंगलवार शाम तक कई संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। पुलिस का मानना है कि लूट की इस वारदात में किसी करीबी का हाथ हो सकता है, क्योंकि देवेंद्र की गतिविधियों पर पहले से नजर रखी जा रही थी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मोबाइल नेटवर्क का विश्लेषण करने के लिए पीएसटीएन नेटवर्क डाटा जुटाया है, जिससे यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वारदात के समय किन नंबरों की लोकेशन सक्रिय थी। थाना प्रभारी वीरेंद्र सेन ने बताया कि मामले में कई संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस बुधवार तक मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।
