MP: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में 3 बच्चों की एक साथ डूबने के कारण मौत होने की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घटना ऊन थाना इलाके के गांव मोठापुरा की है। जहां तीन मासूमों की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम फैला है।
मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में पानी के गड्ढे में डूबने से 3 बच्चों की मौत। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
पुलिस के मुताबिक तीनों मासूम आपस में रिश्तेदार हैं व हादसे के वक्त इनके परिजन मजदूरी के लिए बाहर गए हुए थे। तीनों मासूम घर से खेलने के लिए निकले थे, जहां गांव में मौजूद एक पानी भरे गड्ढे में टायर से तैरने की कोशिश कर रहे थे। इसी बीच ये दुर्घटना हो गई। हालांकि हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिजन व ग्रामीण तीनों को गंभीर अवस्था में लेकर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। मगर अस्पताल में चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
