Bhopal Fraud Case: लेक सिटी भोपाल में ठगी करने वाली गैंग एक्टिव है, इस गैंग के बदमाश बीते 36 घंटे में तीन महिलाओं के आभूषण लेकर गायब हो गए। पुलिस के मुताबिक, गिरोह में महिला व पुरुषों समेत एक बच्चा शामिल है। इनके ठगी करने का तरीका भी अलग है, जिसमें करीब 13 साल की उम्र का नाबालिग बच्चा पहले किसी महिला के पास जाता है, इसके बाद गिरोह के बाकी लोग भी आ जाते हैं।
इसके बाद महिलाओं को बातों में उलझाकर असली के बदले नकली गहने थमाकर फरार हो जाते हैं। गिरोह के लोगों ने बीती 16 जनवरी को हमीदिया अस्पताल में एक वृद्ध महिला को अपना शिकार बनाया था। इसके ठीक 2 घंटे बाद बैरागढ़ में एक महिला के जेवर बदल दिए थे। इसके बाद बदमाश टीटीनगर में एक महिला के जेवर लेकर फरार हो गए।
ऐसे करते हैं ठगी
मलवीय नगर थाने के एएसआई राजेन्द्र मिश्रा के मुताबिक, वृद्धा ईश्वरीय देवनानी (80) तुलसी नगर में रहती हैं। वह मंगलवार को मालवीय नगर स्टैंड के पास खड़ी थीं, तभी एक 13 साल बच्चा मिला। उसने कहा कि, वह डिलीवरी बॉय है, उसे रुपयों से भरा एक पैकेट मिला है। इन रुपयों को आप रख लो और गांरटी के तौर पर आपके जेवर दे दो। वृद्धा ने अपने जेवर बच्चे को दिए तो एक महिला व पुरुष मौके पर आ गए व बच्चे से कहा कि, पैसे के बदले हमारे जेवर ले लो और आंटी के लौटा दो। इस बीच ठगों ने वृद्धा को नकली जेवर थमाए और मौके से फरार हो गए।
