MP Road Accident: मध्यप्रदेश के हरदा जिले में दर्दनाक हादसा हो गया। जहां एक ट्रक और मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में दो भाईयों सहित चार लोगों की मौत हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना शुक्रवार रात को जिला मुख्यालय से करीब 16 किलोमीटर दूर टिमरनी क्षेत्र में उरा और खिड़कीवाला गांवों के बीच हुई।
टक्कर के बाद पलटा ट्रक
पुलिस उपमंडल अधिकारी आकंझा तलैया ने बताया कि गौतम कौशल (21), उनके भाई प्रीतम (19), जुनैद खान (18) और यशराज मंडलेकर (19) मोटरसाइकिल पर सवार होकर हरदा की ओर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि तभी विपरीत दिशा से आ रहा खाद से भरा एक ट्रक दोपहिया वाहन से टकराकर पलट गया। उन्होंने बताया कि चालक मौके से फरार हो गया।
पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा शव
मृतक भाइयों के चाचा राजेश कौशल ने बताया कि दोनों भाई अपने परिजनों को बताए बिना किसी काम से टिमरनी से हरदा शहर चले गए थे। जिला अस्पताल के डॉ. मोहम्मद इरफान ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कर दिया गया है और शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
(इनपुट - भाषा)
