भोपाल

खंडवा में बहन की लव मैरिज से नाराज युवक ने जीजा को मौत के घाट उतारा

मध्य प्रदेश के खंडवा में बहन की लव मैरिज से नाराज एक युवक ने अपने जीजा की हत्या कर दी। घटना सोमवार सुबह की है। बताया जा रहा है कि युवक इससे पहले कई बार अपनी बहन और जीजा दोनों को धमकी दे चुका था।

Image

खंडवा में साले ने जीजा की हत्या की

Photo : Times Now Digital

खंडवा : ये इश्क नहीं आसां, बस इतना समझ लीजै... एक आग का दरिया है और तैर कर जाना है... प्रेम के बारे में कही गई ये पंक्तियां कितनी ही बार सही साबित हो चुकी हैं। दुनिया की फिक्र किए बिना कई प्रेमी खुशी-खुशी मौत को गले लगा लेते हैं। जिनका प्रेम सफल होता है वह विवाह के बंधन में बंध जाते हैं। कुछ का प्रेम मंजिल तक नहीं पहुंचता तो कुछ प्रेमी घरवालों की रजामंदी से कुछ उनके खिलाफ जाकर शादी के बंधन में बंधते हैं। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से खबर है, जहां एक लड़की ने प्रेम विवाह किया तो उसके भाई को यह बिल्कुल पसंद नहीं आया। फिर क्या था, लड़की के भाई ने सरे राह चाकू से गोदकर अपने जीजा की हत्या कर दी।

जानकारी के अनुसार खंडवा के मोघाट थाना क्षेत्र के खानशाहवली क्षेत्र में सोमवार को दो युवकों शोएब और शाहरुख के बीच सड़क पर विवाद हुआ। इसी दौरान शाहरुख ने शोएब पर चाकू से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल शोएब सड़क पर गिर गया। वह काफी देर तक लहूलुहान सड़क पर पड़ा रहा। पुलिस के पहुंचने तक उसकी मौत हो चुकी थी।

बताया गया है कि दोनों युवक रिश्ते में जीजा-साला हैं। शाहरुख अपनी बहन के प्रेम विवाह से नाराज था। वह लगातार जीजा शोएब को धमकियां देता रहता था। उसने बहन को भी कई बार धमकी दी थी। उसने बहन से कहा था कि वह जीजा को सबक सिखाएगा।

सोमवार को दोनों का आमना-सामना हो गया। इसी दौरान उसने जीजा पर चाकू से कई वार कर दिए। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह वारदात तब हुई जब शहर में बारिश हो रही थी। सड़क पर ज्यादा चहल-पहल नहीं थी। इसी दौरान जीजा और साले में विवाद हुआ। साले ने अपने जीजा पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में शोएब सड़क पर काफी देर तक पड़ा रहा। वारदात होने के बाद काफी तादाद में भीड़ भी जमा हो गई।

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने लोगों से पूछताछ की। मृतक शोएब ऑटो चलाता था। जबकि, शाहरुख की फुटपाथ पर जूते-चप्पल की दुकान है।

- आईएएनएस

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article