भोपाल में कांग्रेस का हल्ला बोल, अपराध, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं को लेकर CM आवास के घेराव का ऐलान, सिक्योरिटी अलर्ट

कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने वीडियो जारी कर मध्य प्रदेश सीएम आवास के घेराव का आह्वान किया है। प्रदेश में अपराध, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं समेत तमाम मुद्दों पर मोहन यादव की सरकार को घेरने के लिए प्रदेश के कोने-कोने से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भोपाल पहुंच रहे हैं।

भोपाल: मध्य प्रदेश में आम जनता की तमाम समस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्टी मुखर है। राज्य में महंगाई, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार और किसानों के मुद्दे को लेकर मोहन सरकार को घेरने का प्लान है। 30 अगस्त शुक्रवार को यूथ कांग्रेस सीएम आवास के घेराव के लिए आह्वान किया है। पार्टी के विधायक जयवर्धन सिंह ने एक वीडियो शेयर कर दोपहर 11 बजे लोगों से सीएम आवास के बाहर पहुंचने के लिए कहा है। उन्होंने, वीडियो संदेश में कहा कि मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस बढ़ रही बेरोजगारी और युवाओं के साथ हो रहे अन्याय, अत्याचार के विरोध में मुख्यमंत्री आवास (रंगमहल रोड, भोपाल) घेराव करने जा रही है। लिहाजा, आप सभी बड़ी संख्या में शामिल हों।

MP youth Congress Protest Against CM House

फोटो

इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस मुखर

कांग्रेस विधायक का कहना है कि राज्य में चुनाव के वक्त वोट बैंक के खातिर कई घोषणाएं की गईं, लेकिन उस पर अमल नहीं लाया गया। बीजेपी ने प्रदेश के किसानों को फसलों का उचित मूल्य दिलाने का वादा किया था, वो भी वचन नहीं निभाया गया। एक महीने बाद सोयाबीन की फसल तैयार होने वाली है। ऐसे में मालवा समेत पूरे प्रदेश के किसानों की फसलों की बिक्री और उचित कीमत दिलाने के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किए गए। इसके अलावा प्रदेश में शिक्षित बेरोजगारों की संख्या बढ़ती जा रही है और सरकार उन्हें प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार देने में असफल साबित हुई है। युवा दरबदर रोजगार के खातिर भटक रहे हैं। सरकार को उनका तनिक भी ख्याल नहीं है। इसके अवाला प्रदेश आपराधिक घटनाओं से परेशान है, महिलाओं और आदिवासियों के खिलाफ अपराध की घटनाएं चरम पर हैं। मोहन यादव की सरकार उन पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रही है।

End of Feed