मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कल होने वाली नागरिक सुरक्षा मॉकड्रिल के संबंध में जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षकों को विस्तृत दिशा निर्देश जारी किए हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियोें को निर्देश दिए (फाइल फोटो)
मुख्यमंत्री ने मंत्री परिषद की बैठक से पहले संबोधन में जानकारी दी की वर्तमान राष्ट्रीय अंतर्राष्ट्रीय परिस्थितियों के दृष्टिगत प्रदेश के पांच शहरों क्रमशः इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर और कटनी में कल मॉकड्रिल होगी।
कल, बुधवार को शाम 4 बजे से सायरन के माध्यम से खतरे की सूचना, ब्लैकआउट, प्रमुख संरचनाओं को सुरक्षित रखने, दुर्घटना की स्थिति में घायलों को सुरक्षित निकालने जैसी गतिविधियों की ड्रिल की जाएगी।
मध्यप्रदेश के इन पांच शहरों में कल होमगार्ड, एनडीआरएफ, एसडीईआरएफ और पुलिस के जवान मॉक ड्रिल करेंगे। यह मॉक ड्रिल केंद्र सरकार की तरफ से शाम तक जारी की जाने वाली गाइडलाइन के आधार पर होगी।
कैबिनेट ब्रीफिंग के दौरान नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मॉक ड्रिल को लेकर शाम तक भारत सरकार, राज्य सरकार को निर्देश दिया जाएगा, जिसमें आगे की रणनीति बताई जाएगी।
गौरतलब है कि गृह मंत्रालय के निर्देश पर 7 मई को देश भर के 244 जिलों में सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल आयोजित होगी इसमें मध्यप्रदेश के पांच नगरों क्रमशः इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर और कटनी में मॉकड्रिल होगी।
