Bhopal Crime News: भोपाल पुलिस ने रविवार रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया। पुलिस ने एक लग्जरी कार से 254 लीटर अवैध शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है। साथ ही गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके सहयोगियों की भी तलाश कर रही है।
सांकेतिक फोटो (PTI)
पुलिस ने रविवार रात को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बायपास चौराहा पर घेराबंदी की। इस दौरान एक संदिग्ध सफारी स्टॉर्म वाहन को रोका गया। जिसकी तलाशी के दौरान वाहन की डिक्की और पिछली सीट से 28 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई है। इस अवैध शराब की कीमत लगभग 3.5 लाख रुपये आंकी गई है।
विदिशा से भोपाल लाई जा रही थी अवैध शराब
इस मामले में गिरफ्तार हुए आरोपी की पहचान 29 वर्षीय आदिल शेख के रूप में हुई है, जो विदिशा का निवासी बताया जा रहा है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि यह अवैध शराब विदिशा से भोपाल लाई जा रही थी और शहर के विभिन्न होटलों व स्थानों पर खपाई जानी थी। आरोपी जिस लग्जरी सफारी स्टॉर्म कार का उपयोग कर रहा था, उसे भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके सहयोगियों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है, ताकि इस गिरोह का पूरा खुलासा किया जा सके। इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए टीआई रामबाबू चौधरी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
