Murder in Indore : मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में पुलिस ने चार वर्षीय बालक की हत्या के डेढ़ महीने पुराने मामले के खुलासे का दावा किया है। मामले में बच्चे के 80 वर्षीय परनाना को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने अपराधी को किया गिरफ्तार। (प्रतीकात्मक फोटो)
पुलिस के मुताबिक, बुजुर्ग ननिहाल में रह रहे बालक को उसके परिवार में आ रहीं कथित समस्याओं का कारण समझता था, जिसके लिए उसने इस हत्याकांड को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक (देहात) हितिका वासल ने बताया कि क्षिप्रा थाना क्षेत्र में सात अप्रैल की रात श्रेयांश चौधरी (चार वर्ष) की हत्या करने के आरोप में उसके परनाना शोभाराम चौधरी (80) को गिरफ्तार किया गया है।
दो साल से मायके में रह थी महिला
पुलिस ने बताया कि श्रेयांश की मां नीतू अपने पति से विवाद के चलते पिछले दो साल से मायके में चार साल के बेटे के साथ रह रही थी और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रही थी। मायके वाले नीतू और उसके बेटे को बोझ समझ रहे थे। वे नीतू को मानसिक रूप से परेशान करते थे और ताना भी मारते थे कि उसका बेटा बड़ा होने पर मायके की संपत्ति में हिस्सेदार हो जाएगा। नीतू के परदादा शोभाराम ने देखा कि उसके परनाती श्रेयांश के कारण उसके परिवार में बहुत दिक्कत हो रही है और घर में आए दिन झगड़े का माहौल बना है। शोभाराम को लगा कि अगर बच्चा मर जाएगा, तो ये दिक्कतें जड़ से खत्म हो जाएंगी।
तड़पा-तड़पाकर मासूम को दी मौत
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि श्रेयांश रोज रात को अपने परनाना शोभाराम के साथ ही सोता था। उन्होंने कहा, शोभाराम ने सात अप्रैल की रात चादर की तह बनाई और इसे बच्चे के मुंह पर रखकर उसका दम घोंट दिया। यह वही चादर थी जिसे ओढ़कर शोभाराम सोता था। वासल के मुताबिक, पुलिस ने मृत बालक के ननिहाल पक्ष के लोगों से विस्तृत पूछताछ के आधार पर शोभाराम को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया और मामले में विस्तृत जांच जारी है।
(भाषा इनपुट के साथ)
