भोपाल

तेजी से बढ़ रहे Digital Arrest के मामले, अब इंदौर की महिला बनी शिकार; 1.60 करोड़ की ठगी

Digital Arrest Case: मध्य प्रदेश के इंदौर में एक महिला कारोबारी से 1.60 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी मध्य प्रदेश के मैहर और गुजरात के सूरत के रहने वाले हैं। हालांकि, इस मामले का मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है-

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Digital Arrest Case: मध्य प्रदेश के इंदौर में एक महिला कारोबारी को डिजिटल अरेस्ट कर 1.60 करोड़ की ठगी करने के मामले में चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। यह आरोपी मैहर और गुजरात के सूरत के हैं। इनके नाम पर बैंक अकाउंट है, जबकि मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस की अपराध शाखा के डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि इंदौर में पिछले दिनों एक महिला कारोबारी को डिजिटल अरेस्ट कर धमकाया गया कि वह मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल है।

1 करोड़ 60 लाख रुपयों की ठगी

महिला को डराकर ठगों ने बैंक खातों में 1 करोड़ 60 लाख की राशि ट्रांसफर कराई थी। इस मामले में पुलिस ने उन बैंक खाता धारकों को पकड़ा है, जिनमें दो मैहर के राकेश बंसल और उनके पिता तथा सूरत से प्रतीक और अभिषेक शामिल हैं। इनके बैंक अकाउंट में 5 और 10 लाख की राशि ट्रांसफर हुई थी। पुलिस ने चारों आरोपियों को रिमांड पर लिया है और मुख्य आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पूरे मामले में पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी

पुलिस अधिकारी ने बताया है कि जिन्हें पकड़ा गया है, उनके बैंक अकाउंट में राशि का ट्रांसफर हुआ था। ठगी करने वाले गिरोह बड़े शातिर तरीके से दूसरों के बैंक अकाउंट खुलवाते हैं और उसके बदले में पांच से दस हजार रुपये तक दिए जाते हैं। जिन लोगों को पकड़ा गया है, उनके बैंक अकाउंट से राशि दूसरे अकाउंट में ट्रांसफर की गई। जिन खातों में यह राशि ट्रांसफर की गई है, उनकी जांच में भी पुलिस जुटी है।

शातिर गिरोह ने डराया-धमकाकर लूटे रुपये

पिछले दिनों एक कारोबारी महिला को ईडी और सीबीआई का अधिकारी बताकर डिजिटल अरेस्ट किया गया था। उन्हें डराया-धमकाया गया और कहा गया कि आपके बैंक अकाउंट में राशि ट्रांसफर किया गया है । इस मामले में आप पर कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए रकम बताए गए बैंक खातों में राशि भेज दें। महिला डर गई और उसने 1.60 करोड़ की राशि भेज दी। बाद में इसकी शिकायत अपराध शाखा में की गई।

इनपुटः आईएएनएस

Maahi Yashodhar
Maahi Yashodharauthor

माही यशोधर Timesnowhindi.com में न्यूज डेस्क पर काम करती हैं। यहां वह फीचर, इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स न्यूज कवर करती हैं। इसके अलावा वह डेवलपमेंट की खबरों पर भी नजर रखती हैं। वह सड़क, रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर के अलावा क्राइम और पर्यावरण से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं। राजनीति में खास रुचि होने के कारण वह राजनेताओं और राजनीति से जुड़ी खबरें ब्रेक करते हैं। इससे पहले माही ने देश के नामी मीडिया संस्थानों एनडी टीवी और न्यूज18 में काम किया है। माही यशोधर ने पत्रकारिता में डिग्री ली है। उन्होंने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत देश के नामी संस्थान टाइम्स से की थी, जहां उन्होंने एंटरटेनमेंट डेस्क पर रहते हुए खबरों को धार दी। इसके बाद वह डिजिटल पत्रकारिता में आगे बढ़ती रहीं। पूर्व में माही यशोधर ने एंटरटेनमेंट, हेल्थ, एजुकेशन, एस्ट्रो, वायरल और लाइफस्टाइल की खबरों पर काम किया है। माही हर छोटी-बड़ी खबर को जल्द से जल्द अपने पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। माही अपने पाठकों की नब्ज अच्छे से समझती हैं। उन्हें खबरों की अच्छी समझ है और उनकी भाषा ऐसी है कि कम शब्दों में भी पाठक को पूरी खबर समझा देती हैं।

और पढ़ें
End of Article