Ujjain Luteri Dulhan: उज्जैन जिले के भाटपचलाना थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने इस गिरोह की मुख्य आरोपी लुटेरी दुल्हन सहित चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं। यह मामला तब उजागर हुआ जब ग्राम खरसोदकला निवासी रतनलाल सेन ने अपनी नवविवाहिता पत्नी के शादी के कुछ ही दिनों बाद अचानक लापता हो जाने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
उज्जैन में शादी के नाम पर ठगी
शिकायत के अनुसार, रतनलाल ने एक महिला की मदद से नेहा नाम की लड़की से शादी की थी, जिसके बदले 1.50 लाख रुपये की मांग की गई थी। रतनलाल ने यह रकम अपने परिचित से उधार लेकर दी। शादी के बाद दुल्हन ने मात्र छह दिन ससुराल में बिताए और फिर अचानक गायब हो गई। पुलिस जांच में सामने आया कि यह पूरी योजना एक संगठित ठग गिरोह द्वारा रची गई थी, जिसमें खुद दुल्हन पूजा उर्फ नेहा, उसके पति सहित कई लोग शामिल थे।
पुलिस ने नेहा और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 40 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। यह मामला विवाह के नाम पर की जा रही सुनियोजित ठगी की गंभीर तस्वीर पेश करता है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और गिरोह से जुड़ी अन्य कड़ियों को खंगाल रही है।
