Indore News: इंदौर में 28 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी पत्नी और उसके रिश्तेदारों की कथित प्रताड़ना के चलते आत्महत्या कर ली। युवक ने सुसाइड करने से पहले एक नोट भी छोड़ा, जिसमें लिखा कि महिलाएं कानून का दुरुपयोग कर रही हैं। इस मामले में पुलिस ने बताया है कि मृतक द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रामसनेही मिश्रा ने बताया कि बाणगंगा थाना क्षेत्र में नितिन पड़ियार (28) ने अपने घर में सोमवार रात कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि पड़ियार के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। मिश्रा ने कहा कि पड़ियार ने आत्महत्या से पहले छोड़े कथित पत्र में अपनी पत्नी, सास और पत्नी के अन्य नजदीकी रिश्तेदारों के नामों का उल्लेख करते हुए प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।
युवक ने सुसाइड नोट में लिखा
आत्महत्या से पहले छोड़े गए कथित पत्र में पड़ियार ने लिखा, ‘‘मैं नितिन पड़ियार भारत सरकार से यह विनती करता हूं कि भारत का कानून बदलें क्योंकि महिलाएं इस कानून का दुरुपयोग कर रही हैं। अगर आपने यह कानून-व्यवस्था नहीं बदली, तो रोज कई लड़के और उनके परिवार उजड़ते रहेंगे।’’ पड़ियार ने इस पत्र में यह भी कहा, ‘‘भारत के सभी युवाओं से मेरा निवेदन है कि शादी ना करें और अगर करते भी हैं तो एग्रीमेंट बनवाकर शादी करें।’’ पत्र में आगे कहा गया है, ‘‘अगर किसी को यह समझ आए कि मेरे साथ बुरा हुआ है, तो मेरे मरने के बाद मुझे न्याय दिलाए और अगर समझ ना आए, तो खुद की बारी का इंतजार करे।’’
(इनपुट - भाषा)
