Khyati Jain: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही 18 वर्षीय छात्रा ख्याति जैन की 11 मई 2026 को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया है। ऐसे में यह मामला अब नए सवालों के घेरे में आ गया है। ख्याति जैन की मौत को लेकर मां वर्षा जैन ने गंभीर सवाल उठाते हुए इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला बताया है।
ख्याति जैन (फाइल फोटो)
अब तक दर्ज नहीं की गई FIR
वर्षा जैन का दावा है कि ख्याति का दोस्त तनिष चंद्रवंशी घटना वाले दिन करीब तीन घंटे तक उनके घर में मौजूद था। उन्होंने सवाल किया कि तनिष को उनकी बेटी की मौत की जानकारी सबसे पहले कैसे मिली और वह बाद में दोबारा घर पहुंचकर वीडियो क्यों बनाने लगा। मां के अनुसार, ख्याति कभी भी घर का गेट खुला नहीं छोड़ती थी, जिससे उन्हें घटना पर और अधिक संदेह हो रहा है। वर्षा जैन ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी बेटी के शरीर पर कपड़ा बंधा हुआ था और शरीर से खून भी नहीं निकला था। उनका कहना है कि इतने गंभीर आरोपों के बावजूद अब तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
क्या है पूरी वारदात का टाइमलाइन?
ख्याति जैन ने दिसंबर 2025 में CLAT परीक्षा सफलतापूर्वक पास की थी। 11 मई को उनकी मां वर्षा जैन सुबह करीब 8:30 बजे भोपाल से सोनकच्छ के लिए रवाना हुई थीं। उसी दिन सुबह 10:55 बजे तनिष पहली बार ख्याति के घर पहुंचा और लगभग 2:10 बजे वहां से निकला। इस दौरान ख्याति की अपनी मां से तीन बार बातचीत हुई, जिसमें सुबह 10:15 बजे, दोपहर 12 बजे और 1:20 बजे फोन पर बात शामिल थी। इसके बाद दोपहर करीब 3:30 बजे तनिष ने वर्षा जैन को फोन कर बताया कि ख्याति ने उसे आत्महत्या से जुड़ा एक मैसेज भेजा है। शाम करीब 6 बजे वह दोबारा घर पहुंचा और कुछ देर बाद मां को फोन कर ख्याति की मौत की सूचना दी। आरोप है कि इसके कुछ ही मिनटों के अंदर उसने घटना का वीडियो बनाकर वर्षा जैन को भेज दिया।
मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी
मामले को लेकर एसीपी उमेश तिवारी ने बताया कि अशोका गार्डन थाना पुलिस को शुरुआती सूचना आत्महत्या की प्राप्त हुई थी। हालांकि, मृतका की मां द्वारा लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पुलिस फिलहाल साइबर और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मामले की परिस्थितियों को बेहतर ढंग से समझा जा सके। इस संबंध में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, तनिष चंद्रवंशी से लगातार पूछताछ की जा रही है और उसका मोबाइल फोन जब्त कर फोरेंसिक परीक्षण के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
