Bhiwadi News: राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में आज यानी मंगलवार 14 अप्रैल को बड़ी संख्या में श्रमिक सड़क पर उतर आए। कल नोए़डा के बाद आज भिवाड़ी में श्रमिकों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया। यहां पथरेडी स्थित मदरसन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्लांट के बाहर हजारों की संख्या में मजदूरों ने जमकर प्रदर्शन किया। सुबह से ही महिला और पुरुष कर्मचारी फैक्ट्री गेट पर इकट्ठा होकर नारेबाजी करने लगे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
नोएडा के बाद अब भिवाड़ी में भी सड़क पर उतरे श्रमिक
प्रदर्शन (Bhiwadi Protest) कर रहे मजदूरों की प्रमुख मांगों में वेतन वृद्धि, काम के घंटों में संतुलन और कंपनी प्रबंधन के कथित खराब व्यवहार पर रोक शामिल है। श्रमिकों का आरोप है कि उन पर लगातार दबाव बनाया जाता है और नौकरी से निकालने की धमकी भी दी जाती है। उनका कहना है कि लंबे समय से समस्याएं उठाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही, जिससे अब उन्हें सड़कों पर उतरना पड़ा है।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे श्रमिक
हालात को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। चोपानकी थाना अधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मजदूरों को समझाने और स्थिति को शांत करने की कोशिश की है। हालांकि, प्रदर्शन भी तक शांत बना हुआ है और किसी हिंसक घटना की खबर नहीं है, लेकिन माहौल तनावपूर्ण है।
कल नोएडा-गाजियाबाद में हुआ था प्रदर्शन
गौरतलब है कि इससे पहले कल यानी सोमवार 13 अप्रैल को नोएडा में भी इसी कंपनी के प्लांट पर मजदूरों ने विरोध प्रदर्शन किया था, जिसकी गूंज गाजियाबाद, फरीदाबाद और बुलंदशहर तक पहुंची थी और अब भिवाड़ी तक पहुंच चुकी है। बता दें कि सोमवार को भिवाड़ी में सुप्राजित इंजीनियरिंग कंपनी में भी श्रमिकों का आंदोलन देखने को मिला था। फिलहाल प्रशासन और कंपनी प्रबंधन के बीच बातचीत की कोशिशें जारी हैं, लेकिन मजदूर अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
