Bharuch News: गुजरात के भरूच जिले से एक बड़ी और दहला देने वाली दुर्घटना सामने आई है। भरूच के वागरा तालुका की सायखा GIDC स्थित SynZeal Pharmachem कंपनी में जोरदार ब्लास्ट से बड़ा हादसा हुआ है। रासायनिक प्रक्रिया के दौरान हुए इस जोरदार धमाके के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया है। बताया जा रहा है कि हादसे में 5 मजदूरों की मौत भी हो गई है और दो मजदूर घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे में 5 मजदूरों की मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ब्लास्ट इतना भयानक था कि उसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी और काला धुआं भी आसमान में फैल गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, प्लांट में हाइड्रोजनेशन प्रक्रिया के दौरान ब्लास्ट हुआ। धमाका इतना जोरदार था कि ब्लास्ट के कारण प्लांट में मशीनरी के कई हिस्से बिखर गए। हादसे के समय कंपनी में करीब 20 मजदूर काम कर रहे थे। इस भीषण हादसे में 5 मजदूरों के मौत की सूचना है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत दल तुरंत हरकत में आ गया। इसके साथ ही इंडस्ट्रियल सेफ्टी एंड हेल्थ विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
SynZeal Pharmachem कंपनी इसी साल मई-जून में ही शुरू हुई थी। हादसे के बाद संबंधित विभाग ने कंपनी को तत्काल प्रभाव से कामकाज बंद करने का नोटिस जारी किया है।
हालांकि, ब्लास्ट की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। सायखा GIDC में हुए इस हादसे ने औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्था और रासायनिक प्रक्रियाओं के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। अब देखना होगा कि इस भीषण हादसे की असली वजह क्या सामने आती है और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी तय होती है।
