Raghopur Bhagalpur News Today: बिहार के भागलपुर जिले में प्रचंड प्रवाह के चलते गंगा का कटाव लगातार गंभीर होता जा रहा है। नवगछिया के राघोपुर इलाके में गंगा की तेज धारा ने भारी तबाही मचाकर रख दी है। भीषण कटाव के कारण लगभग एक सदी पुराने चैती दुर्गा मंदिर और हनुमान मंदिर देखते ही देखते नदी में समा गए। जिस जगह लंबे समय से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी थी, वहां अब गंगा की तेज धारा बह रही है।
मंदिरों के नदी में समाने का वीडियो भी सामने आया है। इसमें देखा जा सकता है कि कटाव के कारण जमीन कमजोर होने के बाद मंदिर का ढांचा अचानक भरभराकर गिरता है और कुछ ही सेकंड में पूरा का पूरा हिस्सा गंगा नदी में समा जाता है। इस घटना के दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। मंदिरों के नदी में समाने से स्थानीय लोगों में गहरी चिंता और दहशत का माहौल है।
राघोपुर में लगातार बढ़ रहा खतरा
राघोपुर में गंगा का कटाव लगातार जारी है। गंगा नदी की तेज धार के कारण किनारे की जमीन तेजी से नदी में समा रही है। ऐसे में नदी के आसपास रहने वाले लोगों के मकानों और दूसरी बिल्डिंगों पर भी खतरा मंडरा रहा है।
कटाव की गंभीर स्थिति को देखते हुए भागलपुर की डीएम अलंकृता पांडे ने प्रभावित इलाके का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर अधिकारियों से कटाव की स्थिति और राहत-बचाव कार्यों की जानकारी ली। प्रशासन की टीम को हालात पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा
डीएम अलंकृता पांडे ने बताया कि कटाव से प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों और ऊंचे इलाकों में ले जाया जा रहा है। जिन लोगों के मकान कटाव प्रभावित क्षेत्र में हैं, उनसे भी सुरक्षित स्थानों पर चले जाने की अपील की जा रही है।
प्रशासन की तरफ से प्रभावित क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोगों को भी नदी के किनारे जाने से बचने और प्रशासन की ओर से आने वाले निर्देशों का पालन करने की सलाह दी जा रही है। गंगा की तेज धारा और लगातार हो रहे कटाव ने राघोपुर के ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाना और किसी बड़े हादसे को रोकना है।
