शहर

Holi 2026: यूपी के इन शहरों से खरीदें होली पर अपने बच्चों के लिए सस्ती और रंग-बिरंगी पिचकारियां

Holi 2026: होली 2026 करीब है और बाजार पहले ही और होली स्पेशल सामान से गुलजार हो चुके हैं। बच्चों के लिए आकर्षक पिचकारियों और त्योहार की खरीदारी का मजा हर माता-पिता चाहता है। अगर आप अपने बजट में किफायती और अच्छी पिचकारियां ढूंढ रहे हैं, तो यूपी के कुछ प्रमुख होली बाजार इसके लिए परफेक्ट हैं।

Image

होली 2026: यूपी में सबसे अच्छे पिचकारी मार्केट

Photo : iStock

Holi 2026: 4 मार्च को पूरा देश होली 2026 का पर्व मनाएगा। ऐसे में त्योहार नजदीक है और इसी वजह से बाजारों में पहले ही रंग-बिरंगी पिचकारियों और तरह-तरह के उपहारों की भरमार देखने को मिल रही है। आज के जमाने में पिचकारियों की डिजाइन और तकनीक इतनी आकर्षक हो गई है कि बच्चों का ध्यान खिंचना स्वाभाविक है। खासतौर पर खिलौने जैसी पिचकारियां बच्चों को बहुत भाती हैं। अगर आप अपने बच्चों के लिए अच्छी और किफायती पिचकारियां खरीदना चाहते हैं, तो हम आपको यूपी के उन प्रमुख होली बाजारों के बारे में बताएंगे जहां आप आसानी से अपने बजट में रंगों भरी खरीदारी कर सकते हैं।

Lucknow Holi Market

लखनऊ होली बाजार

लखनऊ का होली बाजार

लखनऊवासियों के लिए होली अब बस कुछ ही दिनों दूर है। ज्यादातर लोग अपनी खरीदारी पहले ही कर चुके होंगे, लेकिन जो लोग अभी भी कम बजट में बढ़िया होली का सामान खरीदना चाहते हैं, उनके लिए कुछ खास जगहें हैं। अगर बात पिचकारियों और रंगों की करें, तो अमीनाबाद आपके लिए बेहतरीन है। यह लखनऊ का सबसे पुराना और व्यस्त व्यावसायिक बाजार है, जहां आपको हर तरह की पिचकारी मिल जाएगी, कुछ 10-20 रुपए की सस्ती और कुछ 1000 रुपए तक की शानदार। इसके अलावा, अगर आप चाहते हैं कि 500-100 रुपए में पूरी होली की खरीदारी हो जाए, तो यहियागंज का थोक बाजार आपके लिए परफेक्ट है। यहां आपको हर तरह का होली का सामान किफायती दामों में आसानी से मिल जाएगा।

कानपुर की ये मार्केट हैं पिचकारियों के लिए बेस्ट

अब अगर बात करें कानपुर की, तो यहां मूलगंज बाजार होली की खरीदारी के लिए पूरी तरह सज चुका है। बाजार में तरह-तरह की नई और मजेदार पिचकारियां आ चुकी हैं। कुछ पिचकारियां त्रिशूल, गदा, हथोड़ा, बंदूक या डमरू जैसे अलग-अलग डिजाइन में भी हैं। बच्चों के चेहरों परथोड़ी देर के लिए ही सही, पर खुशी और कन्फ्यूजन दोनों ही देखने को मिलेंगे। बता दें, मूलगंज सिर्फ होली ही नहीं, बल्कि दिवाली के समय भी खासतौर पर खरीदारी के लिए जाना जाता है। यहां का माहौल हमेशा ही त्योहारों की रौनक से भरा रहता है और लोग बड़े उत्साह के साथ खरीदारी करने आते हैं।

Best Holi Markets in UP

यूपी में सबसे अच्छे होली मार्केट

वाराणसी का फेमस होली बाजार

महादेव की नगरी काशी में होली की खरीदारी का अनुभव भी कुछ खास है। यहां के चौक, गोदौलिया, लंका और सिगरा जैसे बाजार पिचकारी, गुलाल और होली से जुड़े तमाम सामान खरीदने के लिए बेहतरीन हैं। कार्टून कैरेक्टर, टैंक मॉडल, प्रेशर गन, बैकपैक स्टाइल और एलईडी लाइट वाली पिचकारियां बच्चों के बीच खूब लोकप्रिय हैं। इनकी कीमतें लगभग 20 रुपये से लेकर 800 रुपये तक मिल जाती हैं। इसके अलावा, बाजार में हर्बल गुलाल, ऑर्गेनिक रंग, फूलों की पंखुड़ियों से बने प्राकृतिक रंग, रंगीन गुब्बारे, स्प्रे कलर, होली स्पेशल टी-शर्ट, टोपी और मुखौटे भी आसानी से उपलब्ध हैं। यहां का माहौल इतना रंगीन और जीवंत है कि खरीदारी करते समय ही होली का मजा शुरू हो जाता है।

नोएडा में यहां से खरीदें होली का सस्ता सामान

अब भाई नोएडा की बात करें तो, अट्टा मार्केट होली के रंग-बिरंगे सामान के लिए मशहूर है। यहां आपको बच्चों की पसंदीदा पिचकारियां जैसे छोटा भीम, डोरेमॉन, साथ ही गुलाल और पारंपरिक होली के कपड़े आसानी से मिल जाते हैं। अगर बजट थोड़ा कम है तो इंदिरा मार्केट (सेक्टर 17) भी अच्छी जगह है। यहां रंग, गुलाल और बच्चों के लिए खास पिचकारियां किफायती दामों में मिल जाती हैं। सेक्टर 62 मार्केट में आपको रंग और गुलाल के थोक विक्रेता तो मिलेंगे ही, साथ ही कई और विकल्प भी उपलब्ध हैं। वहीं, सेक्टर 104 और 137 में रंग और गिफ्ट आइटम की छोटी-छोटी दुकानें सज जाती हैं, जहां होली का पूरा मजा खरीदारी करते हुए लिया जा सकता है। इन बाजारों में गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा के खरीदार भी आते हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article