Nitish Kumar Program Bee Attack: बिहार (Bihar) में सीएम नीतीश कुमार के कार्यक्रम में मंगलवार को मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया। अचानक मधुमक्खियों के आ जाने से लोग घबरा गए और जान बचाने के लिए इधर उधर भागने लगे। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत स्थिति को संभाला और नीतीश कुमार को वहां से सुरक्षित निकाला।
नीतीश कुमार के कार्यक्रम में मधुमक्खियों का हमला
नीतीश के कार्यक्रम पर मधुमक्खियों का हमला
नीतीश कुमार आज सीएम के पद से इस्तीफा देने वाले हैं और राज्य में नई सरकार का गठन होना है। उससे पहले नीतीश कुमार अंबेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित एक राजकीय कार्यक्रम में शामिल होने के पहुंचे। यहीं पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई और कार्यक्रम का माहौल बिगड़ गया।
नीतीश कुमार आज देंगे इस्तीफा
बिहार में मंगलवार को एक नए राजनीतिक दौर की शुरुआत होने जा रही है। राज्य के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार इस्तीफा दे सकते हैं और प्रदेश में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व में सरकार बनने की राह साफ हो सकती है। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रमुख कुमार ने पिछले सप्ताह राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली थी और वह कैबिनेट की अंतिम बैठक के बाद अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं।
शिवराज करेंगे नए नाम का ऐलान
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, जिन्हें भाजपा संसदीय बोर्ड ने पर्यवेक्षक नियुक्त किया है, इस प्रक्रिया के लिए पटना पहुंचने वाले हैं। 202 विधायकों वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में जदयू के 85, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के 19 और हिंदुस्तान आवामी मोर्चा के पांच विधायक शामिल हैं। इन दलों का नेतृत्व क्रमशः चिराग पासवान और जीतन राम मांझी करते हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय लोक मोर्चा के पांच विधायक भी गठबंधन का हिस्सा हैं, इस पार्टी के प्रमुख हैं उपेंद्र कुशवाहा। सभी राजग विधायक शाम चार बजे विधानसभा के केंद्रीय कक्ष में बैठक करेंगे। इसके बाद सभी घटक दलों के समर्थन का औपचारिक ऐलान किया जाएगा और नयी सरकार बनाने का दावा राज्यपाल के पास पेश किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
