Odisha Weather: बंगाल की खाड़ी में बने नए निम्न दबाव क्षेत्र (Low Pressure System) के प्रभाव से ओडिशा में अगले कई दिनों तक मौसम बिगड़ा रहने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, राज्य में 17 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना है। नया वेदर सिस्टम अगले 48 घंटों में और अधिक सक्रिय होकर उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ सकता है। IMD के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और आसपास के इलाके में बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के पास उत्तरी बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया बना।
ओडिशा में 17 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट (सांकेतिक फोटो)
अंगुल और क्योंझर में ऑरेंज अलर्ट
भुवनेश्वर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि ओडिशा में अगले 5 से 6 दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने अंगुल और क्योंझर में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, ओडिशा के शेष जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है हवा
IMD के मुताबिक, 15 अगस्त तक ओडिशा तट और उसके आसपास तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है। कभी-कभी हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने मछुआरों को 15 अगस्त तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।
जलभराव और बाढ़ का खतरा
भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भरने, सड़कों पर जलभराव और अंडरपास बंद होने के हालात बन सकते हैं। कई प्रमुख शहरों में भारी बारिश के कारण विजिबिलिटी कम होने और यातायात प्रभावित होने की भी आशंका जताई गई है। IMD ने यह भी चेतावनी दी है कि 17 अगस्त तक जारी रहने वाली भारी बारिश से कुछ नदी क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो सकती है।
