Delhi Barapullah Phase 3 Inauguration: पूर्वी दिल्ली के लोगों के लिए दक्षिण और मध्य दिल्ली आना-जाना अब बेहद आसान होने वाला है। मयूर विहार फेज-1 से सराय काले खां तक बनाए गए बारापुला फेज-3 कॉरिडोर आज से खुलने वाला है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस नए कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे। करीब 3.5 किलोमीटर लंबे बारापुला फेज-3 कॉरिडोर के खुलने से वाहन चालकों को आईटीओ, रिंग रोड और डीएनडी के अलावा एक और सिग्नल-फ्री रास्ता मिल जाएगा। इसका सबसे सीधा फायदा पूर्वी दिल्ली के उन इलाकों को मिलने की उम्मीद है, जहां से बड़ी संख्या में लोग रोजाना दक्षिण दिल्ली आते-जाते हैं।
बारापुला फेज-3 का आज होगा उद्घाटन
अमित शाह करेंगे उद्घाटन
मंगलवार को बारापुला फेज-3 के उद्घाटन कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहेंगे। कॉरिडोर के शुरू होने से मयूर विहार फेज-1, फेज-2 और फेज-3 और चिल्ला गांव के वाहन चालकों को दक्षिण दिल्ली की ओर जाने के लिए सीधा वैकल्पिक मार्ग मिल जाएगा। इसके अलावा लक्ष्मी नगर, शकरपुर और पटपड़गंज से आने वाले लोगों को भी नया मार्ग मिलेगा।
इन इलाकों के लोगों को मिलेगा नया रूट
नए कॉरिडोर तक पहुंचने के लिए पूर्वी दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से आने वाले वाहन चालक मयूर विहार का रास्ता अपना सकेंगे। इसके चलते दक्षिण दिल्ली की तरफ जाने वाले यातायात को मौजूदा मार्गों से अलग एक अतिरिक्त विकल्प मिल सकेगा।इसके अलावा आनंद विहार, कड़कड़डूमा, विवेक विहार, वसुंधरा एन्क्लेव और दल्लूपुरा के वाहनों को भी दक्षिण दिल्ली की तरफ जाने में इस कॉरिडोर से वैकल्पिक मार्ग मिल सकेगा।
आईटीओ और विकास मार्ग पर दबाव कम होने की उम्मीद
बारापुला फेज-3 के शुरू होने से विकास मार्ग और आईटीओ की तरफ रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम और वाहनों के भारी दबाव से भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अभी दक्षिण दिल्ली की तरफ जाने वाले कई वाहन चालकों को मौजूदा व्यस्त रास्तों से होकर जाना पड़ता है। पूर्वी दिल्ली से रोजाना दक्षिण दिल्ली आने-जाने वाले लोगों का कहना है कि नया रास्ता मिलने से उनके लिए यात्रा आसान हो सकती है। कैब चालकों को भी उम्मीद है कि नया कॉरिडोर जाम वाले रास्तों के मुकाबले एक सीधा विकल्प उपलब्ध कराएगा।
डीएनडी और अक्षरधाम के आसपास भी ट्रैफिक से राहत
ट्रैफिक पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, बारापुला फेज-3 का असर चिल्ला बॉर्डर और क्राउन प्लाजा की तरफ आने-जाने वाले यातायात पर भी पड़ सकता है। पीक आवर्स में डीएनडी और अक्षरधाम के आसपास वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाता है।इस नए कॉरिडोर के खुलने से यातायात अलग-अलग मार्गों पर बंट सकता है, जिससे इन इलाकों में दबाव कम होने की उम्मीद है।
उद्घाटन के दौरान दोपहर तक ट्रैफिक डायवर्जन
बारापुला फेज-3 के उद्घाटन कार्यक्रम को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार को ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। जिसके अनुसार, आज सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक कई मार्गों पर यातायात डायवर्जन किया गया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सराय काले खां, महारानी बाग और आश्रम चौक के आसपास यातायात प्रभावित हो सकता है। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से इन रास्तों पर जाने से बचने और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
