Bahraich News: उत्तर प्रदेश के तराई इलाकों में भेड़ियों का आतंक एक बार फिर दिखने लगा है। मामले में एक मां की तत्परता और ग्रामीणों की एकजुटता ने एक मासूम की जान बचा ली। बहराइच में एक भेड़िए ने घर में घुसकर बच्चे पर हमला किया और उठा कर भाग रहा था लेकिन लोगों का हो-हल्ला सुनकर भेड़िया बच्चे को छोड़कर भाग खड़ा हुआ।
दबे पांव घर में घुसा भेड़िया
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत मंझारा तौकली के मजरा लोनियनपुरवा गांव में शुक्रवार की शाम भेड़िया दबे पांव एक घर के आंगन में घुस आया। वहां मौजूद छोटे बच्चे को देखते ही उसने हमला कर दिया और उसे अपने जबड़े में दबोचकर भागने की कोशिश करने लगा। तभी बच्चे के रोने और चीखने की आवाज सुनकर मां वहां पहुंच गई और शोर मचाने लगी।
मां का शोर और ग्रामीणों की घेराबंदी
महिला का शोर सुनकर जब तक ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे, भेड़िया अंधेरे का फायदा उठाकर पास के खेतों में गायब हो चुका था। ग्रामीणों ने काफी देर तक इलाके में 'हांका' भी लगाया, लेकिन जानवर का सुराग नहीं मिला। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग रात-रात भर जागकर पहरा दे रहे हैं।
वन विभाग का अलर्ट
फिलहाल गांव में भारी दहशत है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को रवाना हुई। जानकारी के मुतबिक क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और जानवर की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है। घायल बच्चे का इलाज अस्पताल में कराया जा रहा है।
इसके पहले 9 फरवरी को भी कैसरगंज इलाके के मंझारा तौकली में दो ग्रामीण किसी जानवर के हमले में घायल हो गए थे। ग्रामीणों के मुताबिक, हमला भेड़िया ने किया था। जबकि वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हमला किसी अन्य जीव का हमला था। घटना के बाद से ही इलाके में एक बार फिर दहशत का माहौल है।
