Badrinath Highway Traffic Jam: बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बार फिर यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। मारवाड़ी से विष्णुप्रयाग और बलदौड़ा तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। हालात ऐसे हैं कि दिन के साथ-साथ रात में भी हाईवे पर जाम की स्थिति बनी हुई है। कई किलोमीटर तक वाहन धीमी रफ्तार से आगे बढ़ रहे हैं, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बदरीनाथ हाईवे पर थमी गाड़ियों की रफ्तार
बदरीनाथ धाम की यात्रा का दूसरा चरण चल रहा
बताया जा रहा है कि बदरीनाथ धाम की यात्रा का दूसरा चरण चल रहा है, लेकिन हाईवे पर यातायात की स्थिति देखकर ऐसा लग रहा है जैसे यात्रा का शुरुआती दौर हो। बरसात के बाद प्रशासन के पास सड़क और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पर्याप्त समय था, लेकिन इसके बावजूद हाईवे पर जाम की समस्या कम होती नजर नहीं आ रही है।
10 से 12 किलोमीटर तक पहुंच रही जाम की लंबाई
स्थानीय स्तर पर जाम की एक बड़ी वजह सड़क किनारे और हाईवे पर जमा मलबे को बताया जा रहा है। बारिश के बाद कई स्थानों पर सड़क संकरी हो गई है। ऐसे में वाहनों का दबाव बढ़ते ही यातायात प्रभावित होने लगता है और देखते ही देखते कई किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग जाती है। जानकारी के मुताबिक, कई बार जाम की लंबाई 10 से 12 किलोमीटर तक पहुंच रही है।
पिंडदान और तर्पण के लिए धाम पहुंच रहे श्रद्धालु
इस बीच पितृपक्ष के चलते बदरीनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। बड़ी संख्या में लोग अपने पितरों की तिथि के अनुसार पिंडदान और तर्पण के लिए धाम पहुंच रहे हैं। लेकिन जाम में घंटों फंसने के कारण श्रद्धालुओं को समय पर बदरीनाथ पहुंचने में दिक्कत हो रही है।श्रद्धालुओं का कहना है कि धार्मिक अनुष्ठान निर्धारित तिथि और समय के अनुसार करने होते हैं।
ऐसे में लंबे जाम के कारण उन्हें मानसिक परेशानी के साथ-साथ अपनी यात्रा की योजना में भी बदलाव करना पड़ रहा है। अब लोगों की मांग है कि प्रशासन हाईवे से मलबा हटाने के साथ यातायात व्यवस्था को तत्काल बेहतर करे, ताकि बदरीनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।
