Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या में 22 जनवरी को भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा का भव्य समारोह है। इस दिन रामलला मंदिर में किस शुभ समय पर विराजमान होंगे, इसका शुभ मुहूर्त निकाल लिया गया है। 22 जनवरी को 12:15 से 12:45 के बीच रामलला विराजमान होंगे। प्रधानमंत्री मोदी उन्हें अभिजीत मुहूर्त में मंदिर में विराजमान करेंगे। इस शुभ मुहूर्त को निकालने में एक हफ्ते का समय लगा है। रामलला के विराजमान होने का शुभ मुहूर्त काशी के गणेश्वर शास्त्री द्रविड़ ने निकाला है।
रामलला के विराजमान होने का शुभ मुहूर्त (फोटो साभार - ट्विटर)
22 जनवरी को बना संजीवनी योग
काशी के ज्योतिषाचार्य पंडित गणेश्वर शास्त्री द्रविड़ राम मंदिर के भूमि पूजन का शुभ मुहूर्त भी निकाल चुके हैं, इसके बाद अब उन्होंने रामलला के प्राण प्रतिष्ठा का भी शुभ मुहूर्त निकाला है। मुहूर्त के अनुसार भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा मेष लग्न और वृश्चिक नवांश में होगी। इस शुभ मुहूर्त में छह ग्रह अनुकूल मिले हैं। 22 जनवरी की तिथि पंच बाण यानी अग्नि बाण, मृत्यु बाण, चोर बाण, नृप बाण और रोग बाण से भी मुक्त रहेगी। 22 जनवरी के दिन सोमवार पड़ रहा है, यह दिन मृगशीर्ष नक्षत्र और पंचबाण से मुक्त है इन तीनों के संयोग के कारण प्राण प्रतिष्ठा का मुहूर्त संजीवनी योग बना रहा है।
काशी से आएगी हवन-पूजा सामग्री
अयोध्या में 22 जनवरी को पंडित लक्ष्मीकांत दीक्षित के आचार्यत्व में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होगी। जिसे 121 वैदिक ब्राह्मण शुभ मुहूर्त में संपन्न कराएंगे। प्राण प्रतिष्ठा से पहले भगवान राम की मूर्ति नगर भ्रमण के लिए निकलेगी। जिसके बाद 16 जनवरी को सरयू नदी की जलयात्रा होगी। 17 जनवरी को गणेश पूजा के साथ ही समारोह की शुरुआत होगी। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के लिए आठ तरह के मंडप भी तैयार किए जा रहे हैं। इसके साथ ही पूजा के लिए काशी से हवन की सामग्री के अलावा 108 कलश पंचगव्य, सहस्त्रछिद्राभिषेक के लिए घड़ा, तीर्थों का जल, नवरत्न, पंचरत्न, पारा और सप्तधान्य भी जाएगा।
