Delhi Assembly Election 2025 : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एवं दिल्ली की कालकाजी सीट से उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी ने सीएम आतिशी पर एक बार फिर विवादित बयान दिया है। बिधूड़ी ने बुधवार को कहा कि 'मुख्यमंत्री आतिशी दिल्ली की सड़कों पर हिरनी जैसी घूम रही हैं।' चुनावी रैली को संबोधित करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि 'बीते चार सालों में आतिशी ने लोगों से मुलाकात नहीं की लेकिन वोट पाने के लिए अब वह हिरनी की तरह घूम रही हैं।'
चुनाव के समय हिरनी जैसी घूम रहीं हैं-बिधूड़ी
पूर्व सांसद ने कहा, 'गलियों में दिल्ली की जनता नर्क भोग रही है...गलियों की हालत देखिए...कभी आतिशी नहीं गई मिलने लोगों से लेकिन अब चुनाव के समय, जैसे जंगल में हिरनी भागती है वैसे आतिशी दिल्ली की सड़कों पर हिरनी जैसे घूम रही हैं।' बिधूड़ी के इस बयान पर विवाद होना तय है। आम आदमी पार्टी उनके इस बयान कड़ा विरोध दर्ज करा सकती है। वह शिकायत करने चुनाव आयोग के पास भी जा सकती है। कुछ दिनों पहले बिधूड़ी ने कहा था कि 'आतिशी ने अपने पिता का नाम बदल लिया।' उनके इस बयान पर भी काफी हंगामा हुआ था।
'मारलेना अब सिंह बन गई हैं'
बीते छह जनवरी को एक जनसभा में भाजपा नेता ने कहा कि 'आतिशी जो पहले मारलेना थीं, अब सिंह बन गई हैं। वह यहां तक कि उन्होंने अपना पिता बदल लिया है। मारलेना अब सिंह बन गई हैं। उन्होंने अपना नाम बदल लिया। अरविंदे केजरीवाल जिन्होंने कहा था कि वह भ्रष्ट कांग्रेस के साथ हाथ नहीं मिलाएंगे। यह आम आदमी पार्टी के चरित्र को दर्शाता है।'
प्रियंका गांधी पर भी बिगड़े थे बोल
भाजपा नेता ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर आपत्तिजनक बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि जैसे ओखला और संगम विहार की सड़कें बना दी हैं, वैसे ही कालकाजी में सारी की सारी सड़कें प्रियंका गांधी के गाल जैसी बना दूंगा। हालांकि, बाद में बिधूड़ी ने बयान को लेकर माफी मांग ली थी। हैरान करने वाली बात यह है कि चुनाव आयोग की सख्त हिदायत के बाद भी नेता महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दे रहे हैं।
