देश

कांग्रेस का नया पता- 'इंदिरा भवन', सोनिया ने काटा फीता तो खरगे ने फहराया झंडा; राहुल ने बताया त्याग का प्रतीक

Indira Bhawan: ग्रैंड ओल्ड पार्टी कांग्रेस के नए मुख्यालय 'इंदिरा भवन' का बुधवार को उद्घाटन हुआ। कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी ने फीता काटकर नए मुख्यालय का उद्घाटन किया, जबकि पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने झंडा फहराया। इस मौके पर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल सहित तमाम पार्टी नेता मौजूद रहे।

Image

इंदिरा भवन (फोटो साभार: @INCIndia)

Photo : Twitter

Indira Bhawan: ग्रैंड ओल्ड पार्टी कांग्रेस के नए मुख्यालय 'इंदिरा भवन' का बुधवार को उद्घाटन हुआ। कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी ने फीता काटकर नए मुख्यालय का उद्घाटन किया, जबकि पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने झंडा फहराया। इस मौके पर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल सहित तमाम पार्टी नेता मौजूद रहे। बता दें कि कांग्रेस मुख्यालय का अब नया पता 'इंदिरा भवन' 9A कोटला रोड हो गया है, जो पहले 24, अकबर रोड हुआ करता था। इस भवन की आधारशिला पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी ने रखी थी।

कांग्रेस का नया ठिकाना

  • नए मुख्यालय का पता- इंदिरा भवन (9A कोटला रोड)
  • नए मुख्यालय में 140 सालों की कांग्रेस की ऐतिहासिक यात्रा प्रदर्शित की गई है।
  • प्रवेश द्वार पर संविधान के मुख्य सिद्धांत लिखे गए
  • लोकतंत्र
  • राष्ट्रवाद
  • धर्मनिरपेक्षता
  • समावेशी विकास
  • न्याय
  • स्वागत कक्ष में पहले अध्यक्ष और वर्तमान अध्यक्ष की तस्वीरें दोनों ओर लगाई गई हैं।
  • प्रवेश द्वार पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर और उनका एक उद्धरण है।
  • पूरी इमारत में इतिहास की घटनाओं और तस्वीरों का एक कालक्रम प्रदर्शित है।
  • इंदिरा भवन में महात्मा गांधी, पंडित नेहरू से लेकर अन्य नेताओं की कुल 246 ऐतिहासिक तस्वीरें लगी हुई हैं।
  • इंदिरा भवन में 140 सालों की ऐतिहासिक यात्रा का कालक्रम दिखाया गया है, जिसमें पूर्ण स्वराज, दांडी मार्च, गरीबी हटाओ, भारत जोड़ो यात्रा, नेहरू जी और आइंस्टाइन की तस्वीर, शास्त्री जी और किसान, इंदिरा गांधी के सामने पाकिस्तान के झुकने की तस्वीर, राजीव गांधी की दूरसंचार क्रांति, नरसिम्हा राव और वैश्वीकरण, और सोनिया गांधी का त्याग भी शामिल हैं।
  • यूपीए-1 और यूपीए-2 के शासन की तस्वीरें, डॉ. मनमोहन सिंह के शपथ ग्रहण की तस्वीर और बराक ओबामा के साथ उनकी तस्वीर भी शामिल हैं।
  • कांग्रेस पार्टी के लिए जीवन समर्पित करने वाले कार्यकर्ताओं की तस्वीरें भी प्रदर्शित हैं।
  • पांच मंजिला इमारत पर्यावरण अनुकूल है।
  • इसका निर्माण 2016 में शुरू हुआ और 2025 में समाप्त हुआ।

पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इंदिरा भवन को देश के लिए लोकतंत्र की पाठशाला करार दिया। वहीं, लोकसभा में विपक्ष के नेता और रायबरेली सांसद राहुल गांधी ने इंदिरा भवन को त्याग और कड़ी मेहनत का प्रतीक बताया।

नए मुख्यालय के उद्घाटन के लिए राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। साथ ही उन्होंने महाराष्ट्र और हरियाणा चुनाव परिणाम की भी बात की। उन्होंने कहा कि चुनाव में पारदर्शिता सुनिश्चित करना निर्वाचन आयोग का कर्तव्य है, हमारी चुनाव प्रणाली में गंभीर समस्या है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का कर्तव्य है कि वह हमें महाराष्ट्र, हरियाणा विधानसभा चुनावों के आंकड़े उपलब्ध कराए, लेकिन वह ऐसा करने से इनकार कर रहा है।

RSS पर बरसे राहुल गांधी

रायबरेली सांसद ने कहा कि बुधवार को आरोप लगाया कि आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का यह बयान राजद्रोह के समान है कि भारत को सच्ची स्वतंत्रता राम मंदिर बनने के बाद मिली। उन्होंने कहा कि मोहन भागवत ने जो कुछ भी कहा है वह हर भारतीय का अपमान है। उन्होंने कहा, ''मोहन भागवत ने जो कहा है वह राजद्रोह के समान है, क्योंकि उनके कहने का मतलब है कि संविधान अवैध है, अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई अवैध है... किसी दूसरे देश में तो अब तक उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाता और उन पर मुकदमा चलाया जाता।''

मल्लिकार्जुन खरगे ने क्या कुछ कहा

इस बीच, मल्लिकार्जुन खरगे ने भी मोहन भागवत के बयान की निंदा की। उन्होंने कहा कि यदि वह इसी तरह का बयान देते रहे तो देश में उनका घूमना-फिरना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि आरएसएस और भाजपा के लोगों को (1947 में मिली) आजादी याद नहीं है क्योंकि उनके वैचारिक पूर्वजों का स्वतंत्रता आंदोलन में कोई योगदान नहीं है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article