शहर

Ranchi News: शहर की सड़क पर टहलने निकला जंगली हाथी, दहशत में लोग

Ranchi News: रांची की सड़कों पर आज सुबह अलग ही नजारा देखने को मिला, जब एक जंगली हाथी शहर की मुख्य सड़क पर टहलता हुआ दिखा। आनन-फानन में पुलिस और वन विभाग की टीम में हाथी को वापस जंगल की तरफ भेजने की कार्ययोजना बनाई।

Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची में आज यानी शुक्रवार 27 फरवरी की सुबह-सुबह अचानक अफरा-तफरी मच गई। ये सब तब हुआ, जब एक जंगली हाथी, जंगल से रास्ता भटककर शहर में घुस आया। यह हाथी धीरे-धीरे आगे बढ़ते हुए बिरसा चौक तक पहुंच गया था। हाथी को देखकर शहर के इस इलाके में दहशत का माहौल पैदा हो गया। घटना का वीडियो भी हमने इस खबर में दिया है।

हालात की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस तुरंत हरकत में आई और वन विभाग की टीम को बुलाया गया। पुलिस और वन विभाग की टीम सुबह से ही मौके पर डटी रही। हाथी को घेरकर सुरक्षित तरीके से शहर से बाहर निकालने की रणनीति बनाई गई। घंटों की मशक्कत के बाद टीम ने हाथी को रिंग रोड की तरफ मोड़ दिया।

पुलिस और वन विभाग की टीम की घंटों की मेहनत आखिर रंग लाई और हाथी रिंग रोड से होते हुए शहर की सीमा से बाहर चला गया। हाथी के शहर से बाहर होने पर अधिकारियों और आम लोगों ने भी राहत की सांस ली। इस दौरान हाथी द्वारा किसी पर हमले की कोई को सूचना नहीं है। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, संभव है कि यह हाथी अपने झुंड से बिछड़कर शहर की ओर आ गया होगा। बताया गया कि फिलहाल टीम यह सुनिश्चित कर रही है कि हाथी सुरक्षित रूप से जंगल की ओर लौट जाए।

जंगलों में घटते प्राकृतिक संसाधनों और बढ़ती मानव गतिविधियों के चलते अक्सर जंगली जानवर रिहायशी इलाकों की ओर आ जाते हैं। हाल के वर्षों में रांची और आसपास के क्षेत्रों में हाथियों की आवाजाही की घटनाएं बढ़ी हैं। देश के अन्य हिस्सों में भी जंगली जानवरों के शहरी क्षेत्रों में घुसने की खबरें अक्सर मिलती रहती हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article