Khushhal Punjab Rally: केजरीवाल बोले- भगवंत मान सरकार ने सभी गारंटी पूरी कीं, गिनाई उपलब्धियां

Khushhal Punjab Rally: आज यानी गुरुवार 26 नवंबर को आयोजित हुई खुशहाल पंजाब रैली में AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भगवंत मान सरकार की जमकर तारीफ की। उन्होंने सभी चुनावी गारंटी पूरी करने का दावा किया और महंगाई को लेकर मोदी सरकार पर निशाना भी साधा।

Khushhal Punjab Rally: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक Arvind Kejriwal आज पंजाब के मोगा में 'खुशहाल पंजाब रैली' का हिस्सा बने हैं। आम आदमी पार्टी के स्थापना दिवस और संविधान दिवस के मौके पर यह 'खुशहाल पंजाब रैली' आयोजित की गई है। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने पंजाब की भगवंत मान सरकार के कामकाज की तारीफ करते हुए दावा किया कि सरकार ने चुनाव के दौरान किए गए सभी वादे पूरे कर दिए हैं।

Arvind Kejriwal Moga rally

मोगा में अरविंद केजरीवाल ने की खुशहाल पंजाब रैली

केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में बिजली मुफ्त देने से लेकर तीर्थ यात्रा और मोहल्ला क्लीनिक जैसी गारंटी पूरी की गई हैं। उन्होंने महंगाई का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मोदी सरकार के दौर में पेट्रोल, डीजल, गैस और खाने-पीने की चीजें महंगी हुई हैं। ऐसे में भगवंत मान सरकार की ओर से दिए जा रहे 1000 रुपये लोगों को थोड़ी राहत दे रहे हैं।

रैली को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने 26 नवंबर की तारीख को खास बताया। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था और 26 नवंबर 2012 को आम आदमी पार्टी की स्थापना हुई थी।

केजरीवाल ने दोनों घटनाओं को जोड़ते हुए कहा कि यह महज संयोग नहीं है। उनके मुताबिक, देश में आज संविधान का अपमान किया जा रहा है और उसे कुचलने की कोशिश हो रही है। ऐसे समय में संविधान की रक्षा के लिए आम आदमी पार्टी का गठन एक महत्वपूर्ण घटना है।

'भगवंत मान सरकार ने पूरी कीं सभी गारंटी'

केजरीवाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तारीफ करते हुए कहा कि उनके छोटे भाई ने उनकी ओर से दी गई सभी गारंटी पूरी कर दी हैं। उन्होंने जनता से पूछा कि क्या पंजाब में बिजली मुफ्त मिल रही है, क्या तीर्थ यात्रा कराई जा रही है और क्या मोहल्ला क्लीनिक के जरिए लोगों को इलाज मिल रहा है।

उन्होंने दावा किया कि जब आम आदमी पार्टी ने पंजाब की सत्ता संभाली थी, तब राज्य का खजाना खाली था। सरकार को खजाना दोबारा भरने में चार साल लग गए। केजरीवाल ने कहा कि सरकार ने ईमानदारी से काम करते हुए एक-एक रुपये की बचत की और पंजाब की आर्थिक स्थिति सुधारने की कोशिश की।

महंगाई के बीच 1000 रुपये से मिली राहत

केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए केजरीवाल ने कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, सब्जियों और राशन की कीमतें बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार यह दावा नहीं कर रही कि 1000 रुपये में पूरे परिवार का खर्च चल जाएगा, लेकिन महंगाई के इस दौर में यह राशि लोगों को कुछ आर्थिक सहारा जरूर दे रही है।

End Article
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों...

End of Feed