Manali News: बेल्जियम के पैराग्लाइडर की मौत के एक दिन बाद हिमाचल प्रदेश के मनाली में एक और पैराग्लाइडर की बुधवार को पहाड़ी से टकराने के बाद मौत हो गई। यह पैराग्लाइडर चेक गणराज्य का नागरिक था। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में बीड बिलिंग में दो नवंबर से शुरू होने वाले पैराग्लाइडिंग विश्व कप-2024 से पहले हिमाचल प्रदेश में दो दिनों में दो पैराग्लाइडर की मौत के मामले सामने आए हैं।
पहाड़ों से टकराया पैराग्लाइडर
अधिकारियों ने बताया कि मृत पैराग्लाइडर की पहचान डीटा मिसुरकोवा (43) के रूप में हुई है, जो मनाली में माढ़ी के पास पहाड़ों से टकरा गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज हवाओं के कारण उसका ग्लाइडर से नियंत्रण खो गया। उन्होंने बताया कि पैराग्लाइडर को तुरंत मनाली के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। अनुभवी पैराग्लाइडर, मिसुरकोवा पिछले छह वर्षों से पैराग्लाइडिंग कर रही थीं।
मनाली में मौत की पैरग्लाइडिंग, पहाड़ी से टकराने से विदेशी पाराग्लाइडर की मौत, 48 घंटे में दूसरी घटना
विश्व कप में 50 देशों के 130 पैराग्लाइडर लेंगे हिस्सा
बीड़ बिलिंग में मंगलवार को बेल्जियम के एक पैराग्लाइडर की एक अन्य पैराग्लाइडर से हवा में टकराने के बाद पैराशूट नहीं खुलने से मौत हो गई। मनाली में अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान (एबीवीआईएमएएस) के निदेशक अविनाश नेगी ने बताया, “दुर्घटनाओं के मद्देनजर दुर्घटना स्थलों को चिन्हित करने के लिए ऊंचे पहाड़ों पर विशेष टावर लगाने का प्रस्ताव विचाराधीन है।”यहां दो से नौ नवंबर को होने वाले विश्व कप में 50 देशों के 130 पैराग्लाइडर हिस्सा लेंगे।
(इनपुट- भाषा)
