शहर

Video: शादी में 'बवाल-ए-बिरयानी'; लेग पीस न मिलने पर भड़के बाराती, बैंक्वेट हॉल में जमकर तोड़ीं कुर्सियां

Viral Video: अमरोहा के हसनपुर में एक शादी समारोह के दौरान बिरयानी में लेग पीस को लेकर बारातियों के बीच हिंसक झड़प हो गई। कुर्सियां चलने और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Amroha Viral Video: अमरोहा के एक बैंक्वेट हॉल में खुशियों का माहौल उस वक्त कोहराम में बदल गया जब खाने की मेज पर शुरू हुआ एक मामूली विवाद खूनी संघर्ष तक जा पहुंचा। हैबतपुर बंजारे से आई इस बारात में बिरयानी में 'लेग पीस' को लेकर ऐसी जंग छिड़ी कि दूल्हा-दुल्हन के अरमान धरे के धरे रह गए और बाराती एक-दूसरे पर कुर्सियां बरसाने लगे।

क्या है पूरा मामला?

घटना अमरोहा जनपद के हसनपुर नगर स्थित एक बैंक्वेट हॉल की है। यहां हैबतपुर बंजारे इलाके से एक बारात आई थी। निकाह की रस्में हंसी-खुशी संपन्न हो रही थीं और मेहमान खाने का लुत्फ उठा रहे थे। तभी अचानक बिरयानी के स्टाल पर कुछ बारातियों के बीच 'लेग पीस' को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इस बात पर था कि कुछ लोगों को बिरयानी में लेग पीस नहीं मिला, जिससे वे नाराज हो गए। देखते ही देखते यह मामूली बहस गाली-गलौज और फिर हिंसक झड़प में बदल गई।

कुर्सियां चलीं, मची भगदड़

गुस्से से आगबबूला बारातियों और स्थानीय लोगों के बीच जमकर मारपीट हुई। हॉल में रखी प्लास्टिक की कुर्सियां हथियार बन गईं और लोग एक-दूसरे पर उन्हें फेंकने लगे। इस अफरातफरी में खाने के बर्तन जमीन पर बिखर गए और बैंक्विट हॉल में भगदड़ जैसे हालात बन गए।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

मौके पर मौजूद किसी शख्स ने मोबाइल से इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है। एक वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे लोग एक-दूसरे से हाथापाई कर रहे हैं और एक दूसरी वीडियो में कुर्सियों पर गुस्सा निकालते लोग भी दिख रहे हैं।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। हालांकि, तब तक शादी का मजा किरकिरा हो चुका था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article