Amritsar News: अमृतसर से कानून-व्यवस्था को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। थाना गेट हकीमा इलाके में दिनदहाड़े 28 वर्षीय युवक अमित सभरवाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
स्कूटी खड़ा करने के विवाद में हत्या (फोटो साभार- iStock)
स्कूटी साइड करने की बात पर हुआ विवाद
मृतक के माता-पिता ने जानकारी देते हुए बताया कि उनका बेटा अमित घर के बाहर कॉलोनी में खड़ा था। इसी दौरान आरोपी अभि शाह अपने साथियों के साथ स्कूटी पर वहां पहुंचा। आरोपियों ने अमित को रास्ता छोड़ने और अपनी स्कूटी साइड करने के लिए कहा। परिवार का आरोप है कि अमित ने तुरंत उनकी बात मान ली और कोई पुरानी रंजिश भी नहीं थी, फिर भी आरोपियों ने मामूली सी बात पर हंगामा खड़ा कर दिया।
सिर में गोली मारकर की हत्या
परिवार का कहना है कि विवाद बढ़ते ही आरोपियों ने अमित पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। आरोपियों ने करीब 5 से 6 राउंड गोलियां चलाईं। एक गोली सीधे अमित के सिर में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
तीन आरोपियों पर केस दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही थाना गेट हकीमा की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारी बलजिंदर सिंह ने बताया कि 24 अक्टूबर की रात इस घटना की सूचना मिली थी। मृतक के पिता सुनील कुमार सभरवाल के बयान पर पुलिस ने अभि शाह, सनी शाह और दिती शाह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने जिस पिस्तौल से फायरिंग की, उससे 5 से 6 राउंड चलाए गए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- दिल्ली में शादी-पार्टियों में शराब पर सख्ती, परमिट के साथ बिल दिखाना भी होगा जरूरी
आरोपियों की तलाश में छापेमारी
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।
परिवार ने की फांसी की मांग
पीड़ित परिवार ने इंसाफ की गुहार लगाते हुए आरोपियों के लिए फांसी की सजा की मांग की है। परिवार का कहना है कि मामूली सी बात पर उनके जवान बेटे की जान ले ली गई, इसलिए आरोपियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।
