विजयादशमी के अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह आज पंजाब के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। अपने इस दौरे के दौरान गृह मंत्री राज्य में पांव पसार चुके नशे के खिलाफ एक बड़ा राजनीतिक और सामाजिक संदेश देंगे। अमित शाह आज शाम लुधियाना में पारंपरिक रावण दहन के बजाय प्रतीक स्वरूप 'चिट्टे के रावण' का दहन करेंगे। इसके अलावा वे पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ आवाज उठाते हुए अपनी जान गंवाने वाले तीन नागरिकों के पीड़ित परिवारों से भी मुलाकात करें।
गृह मंत्री अमित शाह का पंजाब दौरा
गृह मंत्री अमित शाह का आज का कार्यक्रम
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का दौरा सुबह गुरदासपुर से शुरू होकर शाम को लुधियाना में समाप्त होगा। गृहमंत्री दोपहर 12:15 बजे गुरदासपुर के गांव मारी पनवां में दिवंगत विक्रमजीत सिंह के परिजनों से मुलाकात करेंगे। जिसके बाद दोपहर 02:15 बजे हरदम पट्टी, गांव तूर बंजारा संगरूर में दिवंगत गुलजार सिंह के परिजनों से मुलाकात करेंगे और दोपहर 03:45 बजे मानसा में दिवंगत परविंदर सिंह झोटा के परिजनों से मुलाकात करेंगे। जिसके बाद शाम 05:00 बजे रामलीला मैदान, लुधियाना में आयोजित ऐतिहासिक विजयदशमी समारोह में शिरकत एवं 'चिट्टे के रावण' का दहन करेंगे।
CM मान के विदेश दौरे पर उठाए सवाल
गृह मंत्री अमित शाह और पंजाब बीजेपी ने राज्य की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर तीखा हमला बोला है। अमित शाह ने कहा कि पंजाब की आप सरकार ने राज्य को "नशे के अगाध दलदल में धकेलने" में कोई कसर नहीं छोड़ी है। वहीं, केवल सिंह ढिल्लों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के मौजूदा फ्रांस दौरे पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ जब पूरा पंजाब नशे की गंभीर समस्या से जूझ रहा है और पीड़ित परिवार न्याय का इंतजार कर रहे हैं, ऐसे समय में मुख्यमंत्री का विदेश दौरे पर चले जाना कई सवाल खड़े करता है। पंजाब को केवल कागजी बयानों की नहीं, बल्कि धरातल पर काम करने वाली सरकार की जरूरत है। बीजेपी नेताओं ने कहा कि अमित शाह का यह दौरा पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने और नशा तस्करों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने में मील का पत्थर साबित होगा।
