शहर

Almora Bus Accident: PM मोदी ने शोक-संवेदना प्रकट की, PMNRF से मुआवजे की घोषणा

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में आज यानी सोमवार सुबह एक बस मर्चुला के बास गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में 23 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। हालांकि, Timesnowhindi को जानकारी मिली है कि यह आंकड़ा अब 36 तक पहुंच गया है। इस बीच पीएम मोदी ने इस घटना पर दुख प्रकट करते हुए मुआवजे की घोषणा भी की है।

Image

अल्मोड़ा बस हादसे में पीएम ने की मुआवजे की घोषणा

Photo : Twitter

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में हुए बस हादसे में पुलिस मुख्यालय की तरफ से 23 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। हालांकि, Timesnowhindi को स्थानीय पत्रकार से जानकारी मिली है कि मृतकों की संख्या 36 तक पहुंच चुकी है। उत्तराखंड में पौड़ी से रामनगर आ रही बस रामनगर के करीब मर्चुला के पास पहुंची थी कि तभी खाई में गिर गई। बस के 200 मीटर गहरी खाई में गिरने से चीख पुकार मच गई। तुरंत राहत व बचाव कार्य चलाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस सड़क हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा, 'उत्तराखंड के अल्मोड़ा में हुए सड़क हादसे में जिन्होंने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी शोक-संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं सभी घायलों की शीघ्र कुशलता की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव के हरसंभव प्रयास में जुटा है।'

प्रधानमंत्री ने इस हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों के लिए 2 लाख रुपये और घायलों के इलाज के लिए 50 हजार रुपये की मुआवजा राशि की घोषणा की है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय आपदा कोष से पीड़ित परिवारों को यह मुआवजा राशि दी जाएगी।

इससे पहले राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दु्घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक-संतृप्त परिवारों को सांतवना दी है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में बताया कि उन्हें इस हादसे के बारे में जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन को तेजी से राहत और बचाव कार्य चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मुआवजे की घोषणा कर चुके हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये और घायलों को 1 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। हादसे में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

इस हादसे के बाद मुख्यमंत्री धामी ने क्षेत्र के ARTO एनफोर्समेंट को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कुमाऊं कमिश्नर को इस हादसे की न्यायिक जांच के भी आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को एयरलिफ्ट करके इलाज के लिए ले जाने के निर्देश दिए गए हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article