समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने आज लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जयंती पर श्रद्धाजंलि अर्पित की। इस मौके पर बोलते हुए उन्होंने बिना नाम लिए कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा धार्मिक कथाओं के खिलाफ नहीं है,लेकिन हम भगवान राम और कृष्ण को लेकर कोई टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि भगवा पार्टी लोगों की धार्मिक भावनाओं का राजनीतिक इस्तेमाल करती है।
धीरेंद्र शास्त्री और अखिलेश यादव। (फोटो- ani/pti)
भाजपा को भी घेरा
लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी कथा के खिलाफ नहीं है। लेकिन भगवान श्रीराम के पिता को लेकर क्या विचार व्यक्त किए गए और हमारे भगवान श्रीकृष्ण के बारे में क्या कहा गया? ये वही भाजपा के लोग हैं, जिन्होंने कभी अपने कार्यक्रम में भगवान हनुमान को नचवाया था।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कोई भगवान राम के पिता को लेकर ऐसी टिप्पणी कर सकता है? अगर ऐसा ही कोई बयान समाजवादी पार्टी का कोई व्यक्ति देता तो इन लोगों की क्या प्रतिक्रिया होती? अखिलेश ने इस दौरान किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनकी टिप्पणी को उत्तर प्रदेश के कुंडा में रामकथा करने पहुंचे कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के हालिया बयानों से जोड़कर देखा जा रहा है।
'राधे-राधे कमल खिला दे' नारे पर भी कसा तंज
इस दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा के 'राधे-राधे कमल खिला दे' के नारे पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इसका मतलब है कि भाजपा का कमल मुरझा गया है, जिसे अब दोबारा खिलाने की जरूरत पड़ रही है। उन्होंने कहा, "राधे-राधे कमल खिला दे, खिलवा लो। इसका मतलब क्या है कि कमल मुरझा गया है? भाजपा को दोबारा खिलाने की जरूरत क्यों पड़ रही है?" उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के उस बयान पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी, जिसमें मौर्य ने कहा था कि पहले सपा नेता जय श्रीराम बोलने से हिचकते थे और अब उन्हें राधे-राधे सुनने में परेशानी हो रही है।
