आगरा

Badaun: अस्पताल की चौथी मंजिल से कूदा मरीज, पिता ने कहा.. ठीक से नहीं किया गया बेटे का इलाज

बदायूं में शुक्रवार सुबह एक मरीज ने राजकीय मेडिकल कॉलेज की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पिता ने मेडिकल कॉलेज स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं अस्पताल के अधिकारियों ने इस कहा है कि मरीज ने सदमे में आकर यह कदम उठाया।

Image

सांकेतिक फोटो

Badaun News: बदायूं में राजकीय मेडिकल कॉलेज से कूदकर एक मरीज ने आत्महत्या कर ली। अस्पताल के अधिकारियों का कहना है कि युवक ने यह कदम सदमे की वजह से उठाया जबकि मृतक के पिता ने मेडिकल कॉलेज के स्टाफ पर लापरवाही, इलाज न करने और दवा न देने का आरोप लगाया है। हालांकि प्रभारी प्रधानाचार्य डॉक्टर नेहा ने इस मामले में मेडिकल कॉलेज के स्टाफ या किसी डॉक्टर की लापरवाही से साफ इनकार किया है।

मरीज ने बीच में ही छोड़ा था इलाज

यह घटना शुक्रवार सुबह थाना सिविल लाइन क्षेत्र में आगरा मार्ग पर स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज की है। जहां भर्ती एक युवक ने चौथी मंजिल पर स्थित वार्ड की खिड़की से छलांग लगा दी और जिससे उसकी मौत हो गई। राजकीय मेडिकल कॉलेज की प्रभारी प्रधानाचार्य डॉक्टर नेहा ने बताया की संभल निवासी सुभाष(30) चार दिसंबर की शाम मेडिकल कॉलेज आया था। उसे आठ माह से टीबी की बीमारी थी। उन्होंने बताया कि वह पहले भी मेडिकल कॉलेज से टीबी का इलाज करा कर गया था लेकिन उसने इलाज बीच में ही छोड़ दिया था। अब तबीयत खराब होने पर उसके परिजन उसे पुनः मेडिकल कॉलेज में लेकर आए जहां उसे भर्ती कर लिया गया ।

वार्ड बॉय ने किया रोकने का प्रयास

डॉक्टर नेहा ने बताया कि शुक्रवार सुबह लगभग 3:00 बजे सुभाष के बगल वाले बिस्तर पर भर्ती एक मरीज को दिल का दौरा पड़ा था जिससे उसकी मौत हो गई l उन्होंने बताया कि पड़ोसी मरीज की मौत के बाद सुभाष को सदमा लगा और आज सुबह जब उसके पिताजी दवा लेने नीचे दवा काउंटर पर गए तो सुभाष ने वार्ड की खिड़की खोल दी। डाक्टर नेहा ने बताया कि इस पर वार्ड बॉय ने उसको रोकने का प्रयास किया किंतु वह उसे धक्का देकर वार्ड की खिड़की से नीचे कूद गया। उन्होंने बताया कि तुरंत उसे इमरजेंसी में ले जाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पिता ने मेडिकल कॉलेज स्टाफ को बताया जिम्मेदार

इसके विपरीत मृतक सुभाष के पिता किशन पाल ने अपने बेटे की मौत का जिम्मेदार मेडिकल कॉलेज स्टाफ को बताया है। उन्होंने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि रात भर सुभाष सांस लेने में परेशानी और सीने में दर्द से कराहता रहा किंतु किसी भी मेडिकल स्टाफ ने उनकी नहीं सुनी। किशनपाल ने कहा कि बार बार कहने पर भी वार्ड में मौजूद स्टाफ ने उसे दवा नहीं दी जिससे परेशान होकर आज सुबह सुभाष ने वार्ड की खिड़की से छलांग लगा दी।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article