Ghaziabad Crime News: गाजियाबाद की एक सोसायटी में दो युवकों ने एक सिक्योरिटी गार्ड के साथ मारपीट की। गार्ड का सिर्फ इतना कसूर था कि उसने युवकों को शराब पीने से मना किया था। जिसपर युवकों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। जब बीच-बचाव करने के लिए सुपरवाइजर और रेजिडेंट्स आए थे, तो युवकों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस दौरान मौके पर कई अन्य लोगों भी वहां आ गए और पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया गया है।
रेगलिया हाइट्स सोसायटी की घटना
यह मामला इंदिरापुरम की रेगलिया हाइट्स सोसायटी का है। जिसके सिक्योरिटी गार्ड प्रकाश ने बताया कि सोसायटी में उनकी नाइट ड्यूटी रहती है। शुक्रवार को सुबह करीब 5 बजे सोसायटी के एक फ्लैट में रहने वाले दो युवक परिसर में एक कार के अंदर शराब पी रहे थे। जिसे देखकर उन्होंने युवकों को सोसायटी परिसर में शराब पीने से मना किया और कहा कि वे अपने फ्लैट में जाकर शराब पीए। जिसपर युवकों ने उनके साथ बहस करनी शुरू कर दी। जब वे रिसेप्शन पर जाकर सुपरवाइजर को फोन करने लगे तो दोनों युवक भी वहां आ गए और गार्ड के साथ मारपीट शुरू कर दी।
सिक्योरिटी गार्ड ने दर्ज कराई रिपोर्ट
सोसायटी के सुपरवाइजर कमल किशोर के वहां पहुंचने पर युवकों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस दौरान मॉर्निंग वॉक के लिए निकले सोसायटी के एक रेजिडेंट ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। लेकिन युवकों ने उनकी बात नहीं सुनी। तभी शोर की आवाज सुनकर कई अन्य रेजीडेंट्स और आरडब्ल्यू के सदस्य भी मौके पर वहां। उन्होंने युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
शिप्रा सनसिटी के गार्ड से भी की मारपीट
सिक्योरिटी गार्ड ने बताया कि रिगेलिया हाइट्स सोसायटी से पहले इन युवकों ने शिप्रा सनसिटी के सिक्योरिटी गार्ड को भी पीटा था। दोनों युवक शिप्रा सनसिटी के गेट पर कार में बैठकर शराब पी रहे थे। जब वहां के गार्ड ने उन्हें रोका तो इन युवकों ने उसके साथ मारपीट की। जिसके बाद दोनों भागकर रिेगेलिया सोसायटी में आकर शराब पीने लगे। इंदिरापुरम एसीपी स्वंतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि गार्ड के साथ मारपीट के आरोप में रौनक और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।
