आगरा

Video: कोई खिड़की से बाहर लटका, कोई सनरूफ से निकला; हाथरस में GT रोड पर आधा दर्जन गाड़ियों में 2 दर्जन युवकों की खतरनाक स्टंटबाजी

आजकल के युवा रील बनाने के लिए कुछ भी कर जाते हैं, इसमें उन्हें यह भी ध्यान नहीं रहता कि वह कानून तोड़ रहे हैं और उनकी इस हरकत से लोगों की जान को खतरा हो सकता है। हाथरस का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक जीटी रोड पर अपनी कार के साथ स्टंट कर रहे हैं।

देश के युवा देश के काम आएं इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता। लेकिन देश के युवाओं को रील बनाने का ऐसा नशा चढ़ा है कि इसके लिए वह कुछ भी कर गुजरते हैं। कुल मिलाकर देश के युवा देश के काम आने की बजाय, अक्सर देश के कानूनों की धज्जियां उड़ाते नजर आते हैं। ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के हाथरस में सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

हाथरस जिले का जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसे कोई भी कानूनी रूप से सही नहीं ठहरा सकता। यहां करीब दो दर्जन युवक, 6-7 गाड़ियों में सवार हुए। यह गाड़ियां लेकर वह जीटी रोड पर आ गए और फिर कुछ युवक गाड़ियों की सनरूफ से बाहर निकल आए तो कुछ गाड़ी की खिड़कियों से बाहर लटके हुए स्टंट करने लगे। यहां तक कि कुछ युवक तो चलती कार का दरवाजा खोलकर उसके साथ-साथ दौड़ते हुए भी दिख रहे हैं।

हाथरस में इन दिनों कार की छत पर बैठकर और खिड़कियों से लटककर स्टंट करने का चलन तेजी से बढ़ता जा रहा है। जो ताजा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, वह यहां से सिकंदरा राऊ क्षेत्र का बताया जा रहा है। जैसा कि हमने ऊपर बताया करीब 2 दर्जन युवक आधे दर्जन गाड़ियों में सवार होकर जीटी रोड पर स्टंट करते दिख रहे हैं।

खबरों के मुताबिक हाथरस में युवाओं की यह स्टंटबाजी सिकंदरा राऊ बस स्टैंड से लेकर पंत चौराहे तक दिखी। युवक सड़क पर खुलेआम हुड़दंग करते दिखे। उनकी इन हरकतों से उन्होंने न सिर्फ अपनी जान खतरे में डाली, बल्कि उनकी यह हरकत अन्य लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकती थी।

यह वीडियो आज यानी मंगलवार 22 अप्रैल को सुबह करीब 10 बजे सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो को लेकर आम लोगों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। सोमवार को भी ऐसा ही एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें पुलिस ने स्टंट करने वाले युवकों के खिलाफ 7 हजार रुपये का चालान किया था।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article