Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक गांव से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी से अवैध संबंध के शक में अपने ही छोटे भाई की हत्या कर दी। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार किया।
अवैध संबंध का शक और भाई के हाथों ही मारा गया युवक
पत्नी के साथ अवैध संबंध के शक में भाई की हत्या
मामले की जांच कर रहे अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) धनंजय कुशवाहा ने कहा कि शनिवार और रविवार की दरमियानी रात को जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम वारथर निवासी मुनेंद्र ने सोते हुए अपने छोटे भाई जितेंद्र (25) के सिर पर नल का हत्था मारकर हमला किया। इससे जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में जितेंद्र को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया।
पुलिस अधीक्षक धनंजय कुशवाहा ने बताया कि जितेंद्र की हत्या की शिकायत उसके पिता द्वारा दर्ज करवाई गई है। मुनेंद्र का उसकी पत्नी के साथ झगड़ा चल रहा था। मुनेंद्र को शक था कि उसके छोटे भाई जितेंद्र के उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध है। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृश्यता से इस घटना के पीछे यही कारण प्रतीत होता है। पुलिस ने बताया कि भाई की हत्या का आरोप में मुनेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के साथ श्वान दस्ते तथा फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर रही है।
(इनपुट - भाषा)
