आगरा में ज्वेलरी शोरूम में लूट और कारोबारी की हत्या के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। पुलिस के मुताबिक चार दिन पहले आरोपी ने अपने साथियों के साथ लूट और हत्या की घटना को अंजाम दिया था। वारदात के बाद से पुलिस इस मामले की जांच पड़ताल कर रही थी। जानकारी के अनुसार, सिकंदरा थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई में आरोपी अमन को गोली लगी। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आगरा में पुलिस ने किया अपराधी को ढेर
सिकंदरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को बालाजी ज्वैलर्स में हुई लूट के दौरान कारोबारी विनय चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना का मुख्य आरोपी अमन, जो अपने एक साथी के साथ बाइक पर सवार होकर लूटपाट करने आया था, पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। दिनदहाड़े हुए इस हमले में बदमाशों ने शोरूम से लाखों रुपये की ज्वैलरी लूट ली, और जब मालिक ने विरोध किया, तो उसे गोली मार दी गई। इस पूरी वारदात की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।
ऐसे हुआ एनकाउंटर
घटना के बाद से पुलिस की कई टीमें आरोपी की खोज में लगी हुई थीं। चार दिन की गहन छानबीन के बाद पुलिस को सूचना मिली कि अमन सिकंदरा थाना क्षेत्र में छिपा हुआ है। जब पुलिस ने उसे घेरने की कोशिश की, तो उसने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस एनकाउंटर के बाद पुलिस अब उसके बाकी साथियों की तलाश में जुट गई है।
