भारतीय महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टीम की सदस्य और आगरा में यूपी पुलिस की DCP दीप्ति शर्मा के साथ 25 लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दीप्ति को उनकी पुरानी सहेली आरुषि गोयल और उसके माता-पिता ने 25 लाख रुपये की ठगी का शिकार बना लिया।
न्यूज18 की रिपोर्ट के मुताबिक दीप्ति शर्मा और आरुषि के बीच की दोस्ती का फायदा उठाते हुए आरुषि ने दीप्ति से कई बार पैसे लिए, जिनका कुल आंकड़ा 25 लाख रुपये है। जब दीप्ति ने पैसे वापस मांगने की कोशिश की, तो आरुषि और उसके परिवार ने अभद्रता की और पैसे लौटाने से इनकार कर दिया।
आरोप है कि दीप्ति ने आरुषि को अपने फ्लैट पर आने से मना कर दिया था, लेकिन आरुषि ने 22 अप्रैल को चोरी-छिपे फ्लैट में घुसकर ढाई हजार डॉलर, सोने के गहने और नकदी चुरा ली। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दीप्ति उस समय विदेश यात्रा पर थीं और आरुषि ने अपने सामान को फ्लैट पर होने का बहाना बनाकर चाबी मांगी थी।
जब दीप्ति का भाई सुमित चाबी लेकर गया, तो दरवाजा नहीं खुला। बाद में आरुषि और उसकी मां ने बताया कि उन्होंने ताला बदल दिया है और उनका सामान ले लिया है। पुलिस ने दीप्ति के भाई सुमित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
