Water Bottle Ban in Taj Mahal: बीते दिनों ताजमहल के मुख्य गुंबद में जलाभिषेक करने का मामले सामने आए। सावन के दौरान कई लोग ताजमहल के मुख्य गुंबद में जल चढ़ाते दिखाई दिए। सोशल मीडिया पर इस तरफी की कई वीडियो तेजी से वायरल हो रही हैं। इस घटना को लेकर हर किसी की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं हैं। इस बीच एएसआई द्वारा मुख्य गुंबद पर पानी की बोतल ले जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया। ताजमहल को शिव मंदिर बताकर जल चढ़ाने के मामलों को रोकने के लिए ये कदम उठाया गया है।
ताजमहल के मुख्य गुंबद में पानी बैन
ताजमहल के मुख्य गुंबद पर पानी की बोतलें प्रतिबंधित
ताजमहल के मुख्य गुंबद पर जल चढ़ाने के मामले के बाद एएसआई ने गुंबद तक पानी की बोतल प्रतिबंधित कर दी है। इसके पहले ही दिन पर्यटकों को परेशान होते हुए देखा गया है। उमस और गर्मी के कारण लोग बेहाल रहे। मुख्य गुंबद पर जाने से पहले ही चमेली फर्श पर लोगों की पानी की बोतलों को खाली करवाया गया। इतना ही नहीं जलाभिषेक करने के मामलों को रोकने के लिए एसआईएस और एएसआई कर्मचारियों को तैनात किया गया है। ताजमहल पर जलाभिषेक करने की घटनाओं के बाद से भारतीय पर्यटकों को स्पष्ट रूप से कह दिया गया है कि चमेली फर्श से ऊपर मुख्य गुंबद में पानी की बोतलें नहीं ले जा सकते हैं। सभी को एएसआई के इस नियम का पालन करने की सलाह दी गई है।
ताजमहल के अंदर प्रतिबंधित है ये चीजें
- सभी प्रकार के हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री
- माचिस और लाइटर
- बड़े बैग
- सिगरेट समेत सभी प्रकार के तंबाकू उत्पाद
- कैंची, चाकू और अन्य धारदार आइटम
- विज्ञापन के लिए खिलौने, कार्ड व आइटम
- तस्वीरें और सीडी की हार्ड कॉपी
- लैपटॉप व सभी प्रकार के कैमरा स्टैंड
- पढ़ने लिखने व पेंटिंग की सामग्री
- टेट्रा पैक में शराब, प्रतिबंधित दवाएं व तरल पदार्थ
- प्रसाद, फूल मालाओं समेत धार्मिक सामग्री
- मशाल, पेशेवर वीडियो कैमरे, पीए प्रणाली
पानी के लिए नहीं होना पड़ेगा परेशान
गर्मी के दौरान पानी की कमी से लोगों को परेशानी न हो इसे ध्यान में रखते हुए एएसआई सुप्रिटेंडेंट डॉ राजकुमार पटेल ने बताया कि किसी भी पर्यटक को मुख्य गुंबद में पानी की परेशानी का सामना नहीं करना होगा। यदि उन्हें जरूरत महसूस होती है तो वह तैनात कर्मचारियों से पानी ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि मुख्य गुंबद के पास तैनात कर्मचारियों के पास पानी के छोटी बोतलें उपलब्ध होंगी। लेकिन अपना पानी ले जाने पर मनाही है।
