Mathura Accident News: मथुरा के देवी आटस छटहरा मार्ग पर आज, शनिवार को भीषण दुर्घटना हुई। जिसमें एक तेज रफ्तार थार ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में घायल लोगों सड़क पर ही थे कि पीछे से आ रहे डंपर ट्रक ने घायलों को रौंद दिया। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई है।
कैसे हुआ हादसा
शनिवार को थाना जैत क्षेत्र में छटीकरा देवी आटस मार्ग पर कृष्णा कुटीर के पास मोड़ पर एक तेज रफ्तार थार और ऑटो रिक्शा की भिड़ंत हो गई। इसके बाद घायल लोग सड़क पर गिर गए। इसी बीच पीछे से तेज गति से आ रहा एक डंपर ट्रक घायलों के ऊपर चढ़ गया। इस हादसे में चार लोगों की जान चली गई है। जोरदार टक्कर से थार और सवारी टेम्पो के परखच्चे उड़ गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
हादसे को लेकर लोगों में दहशत
थार की रफ्तार इतनी थी कि इस जोरदार टक्कर में टेम्पो के परखच्चे उड़ गए और घायल छटककर सड़क पर जा गिरे। अभी टक्कर के बाद की अफरातफरी शांत नहीं हुई थी कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ट्रक घायलों के ऊपर जा चढ़ा। डंपर की चपेट में आने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। ये देखकर स्थानीय लोगों और राहगीरों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची और मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। मृतकों की शिनाख्त कर के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
पुलिस क्षतिग्रस्त टेंपो और थार को कब्जे में लेकर कार्रवाई कर रही है।
