Agra: आगरा की पहचान क्या है? इस प्रश्न का सीधा सा उत्तर ताजमहल (Tajmahal) है। ताजमहल को दुनिया का 7वां अजूबा कहा जाता है। इसे प्रेम का प्रतीक माना जाता है और दुनियाभर से लोग ताजमहल देखने आते हैं। आगरा जाकर आप ताजमहल देख तो सकते हैं, लेकिन उसे अपने साथ ला नहीं सकते। हां, आप अपने दिल में बसाकर ताजमहल को जरूर ला सकते हैं या वहां से मिनिएचर जरूर ला सकते हैं। ताजनगरी की एक और पहचान है यहां का पंछी पेठा (Panchi Petha), जिसे आप अपने साथ लेकर भी जा सकते हैं। चलिए जानते हैं पंछी पेठा के बारे में सब कुछ -
पंछी पेठा आगरा
आगरा जाने वाले लोग जिस तरह से ताजमहल जरूर जाते हैं, उसी तरह वहां से पेठा लाना भी नहीं भूलते। आगरा अपने पेठे के लिए मशहूर है। आगरा का पेठा उसी तरह से मशहूर है, जैसे अल्मोड़ा की बाल मिठाई, मुरैना की गजक और मथुरा के पेड़े। पेठा अपने देश की मिठाई है और आगरा इसका गढ़ है। यहां पेठा बनाने और बेचने वालों की कोई कमी नहीं है। आगरा के पेठे की बात हो तो पंछी पेठा सबसे मशहूर है।
हालांकि, आगरा का पेठा बहुत ही स्वादिष्ट होता है, लेकिन उसमें भी पंछी पेठा जितना मशहूर कोई नहीं है। पंछी पेठा में कई तरह के पेठे बनाए और बेचे जाते हैं। इनके सबसे मशहूर पेठे में से अंगूरी पेठा और पान पेठा भी हैं।
