अलीगढ़ में आयकर विभाग ने अब एक सफाई कर्मी को 33.88 करोड़ रुपये का नोटिस भेजा है। जूस विक्रेता और ताला कारीगर के बाद आयकर विभाग का नोटिस चंडौस क्षेत्र में भारतीय स्टेट बैंक के सफाई कर्मी करन कुमार वाल्मीकि के घर आया है। जिसके बाद पूरा परिवार मानसिक तनाव में आ गया है। करन कुमार को 33.88 करोड़ रुपये का लेनदेन का नोटिस जारी किया गया है। करन को सफाई कर्मी के तौर पर प्रति माह 15000 रुपये प्रति का मानदेय मिलता है। करन ने इस मामले में थाना चंडौस में तहरीर दी है।
अभी दर्ज नहीं हुई है FIR
एसबीआई की खैर शाखा में सफाई कर्मी के तौर पर काम करने वाला करन कुमार वाल्मीकि चंडौस कस्बे के वाल्मीकि बस्ती में रहता है। 29 मार्च को उसके पास आयकर विभाग का 33.88 करोड रुपए का लेनदेन का नोटिस आया। जिसमें 31 तारीख तक पोर्टल पर जवाब देने की बात कही गई। जिसके बाद करन ने इनकम टैक्स विभाग से संपर्क किया, तो इनकम टैक्स विभाग के अधिकारियों ने उसे पुलिस में FIR दर्ज करने की सलाह दे दी। करन ने बताया कि हम यहां पर एफआईआर करने के लिए आए हैं। लेकिन अभी एफआईआर नहीं हुई है। अब समझ में नहीं आ रहा कि होना क्या है। इनकम टैक्स विभाग की तरफ से राहत नहीं मिली और ना पुलिस विभाग की तरफ से मिली है। हम सिर्फ भाग रहे हैं।
10 दिनों में यह तीसरा मामला
पिछले 10 दिन के अंदर यह तीसरी घटना सामने आई है, जब बड़े अमाउंट का इनकम टैक्स विभाग का नोटिस अलग-अलग लोगों को मिला है। इनमें पहला नोटिस जूस विक्रेता को 7.54 करोड रुपए का मिला था। दूसरा नोटिस एक ताले की स्प्रिंग बनाने वाला कारीगर को 11.11 करोड रुपए का नोटिस मिला था। जिसके बाद अब तीसरा नोटिस सफाई कर्मी करन कुमार वाल्मिकी को मिला है। जिसे 33.8 करोड रुपए का नोटिस दिया गया है। इतने बड़े अमाउंट का आयकर विभाग का नोटिस मिलने से तीनों के परिवार सदमे में है। आशंका जताई जा रही है कि इन लोगों के पैन कार्ड का कहीं बाहर इस्तेमाल किया गया है। जिसके कारण इन्हें यह नोटिस इनके मिला है।
