Agra Road Accident: उत्तर प्रदेश के आगरा में दो ट्रकों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों ट्रकों में भीषण आग लग गई। लंबे समय तक ट्रक धू-धू कर जलते रहे, जिसके कारण रास्ते में भीषण जाम लग गया। ट्रकों को जलता देख स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग की टीम को आग लगने की सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने ट्रकों में लगी आग को बुझाने की कोशिश की। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है।
जोरदार भिड़ंत के बाद ट्रक में लगी भीषण आग
पेट्रोल पंप के पास अवैध कट
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह मामला आगरा के सैयां थाना क्षेत्र के सैंथिया पेट्रोल पंप के पास का है। यहां एक अवैध कट है, जिससे वाहन यू टर्न मारने की कोशिश करते हैं। इसी तरह एक ट्रक वहां से मोड़ने की कोशिश कर रहा है। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रक ने दूसरे ट्रक को टक्कर मार दी। इन दोनों ट्रकों के बीच हुई भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रकों में आग लग गई। देखते ही देखते ट्रक आग का गोला बन गए हैं और पूरे आसमान में काले धुएं का गुबार दिखने लगा। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई खबर सामने नहीं आई है। हाईवे पर घंटों से लगा जाम अब खुल गया है।
