शहर

शादी का जोड़ा, हाथ में चूड़ा... विदा होकर सीधे सरकारी नौकरी के इंटरव्यू में पहुंची दुल्हन

यूपी के शहर आगरा में एक दुल्हन अपनी शादी के जोड़े में ही नौकरी का इंटरव्यू देने पहुंच गई। चारों ओर चर्चा का विषय बनी यह घटना साथ निभाने की अलग ही मिसाल पेश कर रही है। जानिए कैसे विदाई के दिन ही इंटरव्यू की तारीख पड़ जाने के बाद उसके पति ने रास्ता निकाला और विदाई के बाद दुल्हन लिए सीधे विकास भवन पहुंच गया।

Image

आगरा में विदाई के बाद सीधे इंटरव्यू के लिए पहुंच गई दुल्हन (AI Created Image)

Agra News: आगरा शहर से एक ऐसी खबर आई है, जो साथ निभाने का अलग ही उदाहरण दे रही है। यहां एक दूल्हा अपनी दुल्हन को शादी के मंडप से विदा कर सीधे घर ले जाने के बजाय सरकारी नौकरी का इंटरव्यू दिलाने विकास भवन पहुंच गया। शादी के लाल जोड़े और हाथों में चूड़ा पहने दुल्हन इंटरव्यू देने पहुंची, तो हर कोई दंग रह गया।

साइबर कैफे से शुरू हुई प्रेम कहानी

यह खूबसूरत दास्तां लाडूखेड़ा ब्लॉक के मनोज कुशवाहा और पास के गांव की रहने वाली अनीशा की है। मनोज एक साइबर कैफे चलाते हैं, जहां करीब 3 महीने पहले अनीशा किसी काम से गई थीं। वहीं दोनों की पहली मुलाकात हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। दोनों ने अपने जीवन का सफर साथ बिताने का फैसला किया और परिवारों की सहमति से 21 फरवरी को दोनों ने शादी कर ली।

दूल्हे ने चुनी पत्नी की खुशी

शादी की खुशियों के बीच अनीशा के सामने एक बड़ी चुनौती आ गई। उसे पता चला कि जिस दिन उसकी विदाई होनी है, ठीक उसी दिन आगरा के विकास भवन में 'आंगनबाड़ी वर्कर' के पद के लिए उसका इंटरव्यू है। अनीशा को लगा कि शादी के रीति-रिवाजों के बीच वह यह मौका खो देगी और उसने इंटरव्यू छोड़ने का मन बना लिया था। लेकिन मनोज ने यहां एक मिसाल पेश की।

शादी के जोड़े में दिया इंटरव्यू

मनोज ने अपने परिवार को मनाया और शादी की रस्में समय से पहले पूरी करवाईं और विदाई के तुरंत बाद दूल्हा अपनी दुल्हन को लेकर ससुराल जाने के बजाय सीधे जिला मुख्यालय स्थित विकास भवन पहुंचा। मनोज का कहना है कि वह चाहता है कि उसकी पत्नी आत्मनिर्भर बने और अपने सपनों को जिए।

ससुराल जाने से पहले पूरा किया सपना

इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अनीशा अपने पति के साथ ससुराल के लिए विदा हुई। इस अनूठी पहल की पूरे आगरा में चर्चा हो रही है। मनोज और अनीशा की यह कहानी साबित करती है कि अगर जीवनसाथी का साथ हो, तो करियर और घर के बीच संतुलन बनाना नामुमकिन नहीं है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारी author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article